नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम को चैंपियन बनाने के बाद रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बावजूद, आईपीएल में हिटमैन का जलवा बरकरार रहा। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल के अलावा रोहित शर्मा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में मुंबई की टीम के लिए खेलने की इच्छा भी जताई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने बताया कि रोहित शर्मा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के नॉक आउट मुकाबलों में मुंबई की टीम के लिए खेलने की इच्छा जताई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टीओआई के अनुसार, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक अधिकारी ने कहा, “रोहित ने नॉक आउट राउंड में मुंबई का प्रतिनिधित्व करने की इच्छा व्यक्त की है।”
हिटमैन की वापसी तय, लेकिन कब खेलेंगे रोहित शर्मा?
रोहित शर्मा वर्तमान में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की वनडे टीम का हिस्सा हैं। 6 दिसंबर को इस सीरीज के खत्म होने के बाद वह अगले महीने तक इंटरनेशनल क्रिकेट से फ्री रहेंगे। जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज होने वाली है। इस बीच, वह 12 से 18 दिसंबर तक इंदौर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के नॉक आउट मुकाबलों में मुंबई की टीम के लिए खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
मुंबई की टीम ने इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने अपने शुरुआती चार मैच जीतकर एलीट स्टेज में ग्रुप ए की अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। अब टीम का पांचवां मुकाबला केरल के खिलाफ होगा। मौजूदा स्थिति को देखते हुए, मुंबई की नॉक आउट राउंड में एंट्री लगभग पक्की मानी जा रही है।
रोहित शर्मा: टी20 क्रिकेट में एक प्रेरक करियर
रोहित शर्मा के टी20 करियर की बात करें तो उन्होंने ओवरऑल 463 मैचों की 450 पारियों में 12248 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 82 अर्धशतक शामिल हैं। इसमें से उनके भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में 151 पारियों (159 मैच) में 4231 रन आए हैं। उनके नाम टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक 5 शतक और 32 अर्धशतक दर्ज हैं। आईपीएल में रोहित ने अभी तक 272 मैचों की 267 पारियों में 7046 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक और 47 अर्धशतक शामिल हैं।


