नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 6 दिसंबर को सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा। वर्तमान में सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। विशाखापत्तनम में होने वाले इस मैच के लिए भारतीय प्लेइंग 11 में कुछ बदलाव की संभावना जताई जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यशस्वी जायसवाल और प्रसिद्ध कृष्णा की टीम में जगह को लेकर है।
भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा। खास बात यह है कि टीम इंडिया ने इस मैच में 358 रन बनाए, फिर भी जीत नहीं हासिल कर सकी। बल्लेबाजी में, रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करते हुए यशस्वी जायसवाल दोनों मैचों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। वहीं गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा लगातार रन लुटा रहे हैं; रायपुर में उन्होंने लगभग 10 की इकॉनमी रेट से रन दिए।
यशस्वी ने रांची में 18 और रायपुर में 22 रन बनाए थे। दोनों बार शुरुआत मिलने के बाद उन्होंने विकेट फेंका है। प्रसिद्ध की बात करें तो रांची में 7.1 ओवर में उन्होंने 48 रन देकर 1 विकेट लिया था। तो रायपुर में उन्होंने 8.2 ओवर में 85 रन लुटाए। अफ्रीकी बल्लेबाजों ने उनकी जमकर पिटाई की है। इसलिए अब तीसरे वनडे में यशस्वी और प्रसिद्ध को बाहर होना पड़ सकता है।
टीम इंडिया में नई ओपनिंग: तिलक वर्मा या पंत?
अगर यशस्वी जायसवाल टीम से बाहर रहते हैं, तो रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे। इसके बाद नंबर 4 पर कौन बल्लेबाजी करेगा, यह बड़ा सवाल बन जाता है। इस स्थान के लिए टीम के पास दो दावेदार हैं: तिलक वर्मा या ऋषभ पंत। इनमें से किसी एक खिलाड़ी को विशाखापत्तनम वनडे में टीम में शामिल किया जा सकता है। वहीं, यदि प्रसिद्ध कृष्णा टीम में नहीं होंगे, तो फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी को टीम में मौका दिया जा सकता है।
तीसरे वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11
रोहित शर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, तिलक वर्मा/ऋषभ पंत, केएल राहुल (कप्तान), रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह


