Ashes 2025: स्टार्क के सामने बैजबॉल फेल, डकेट-पोप खाता भी नहीं खोल पाए; अकरम के बराबर पहुंचे

0

नई दिल्ली: एशेज सीरीज 2025-26 का दूसरा टेस्ट मैच 4 दिसंबर, गुरुवार से शुरू हो गया है। डे-नाइट टेस्ट ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर खेला जा रहा है। पहले मैच में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करने के बाद मिचेल स्टार्क ने पिंक बॉल के साथ भी कमाल दिखाया। उन्होंने इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट और तीन नंबर के बल्लेबाज ओली पोप को खाता भी नहीं खोलने दिया। इस प्रदर्शन के साथ, स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में वसीम अकरम के बराबर पहुँच गए और संयुक्त रूप से सबसे अधिक टेस्ट विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए।

मिचेल स्टार्क के सामने मौजूदा एशेज में इंग्लैंड की बैजबॉल पूरी तरह कमजोर नजर आ रही है। जो टीम टेस्ट में तेज और आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती थी, वह यहां बिल्कुल अलग तस्वीर पेश कर रही है। पर्थ टेस्ट में स्टार्क ने कुल 10 विकेट लेकर अंग्रेजों की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया था, जिसमें पहली पारी में 7 और दूसरी पारी में 3 विकेट शामिल थे। अब ब्रिसबेन में भी उन्होंने पहले सत्र की शुरुआत में ही इंग्लैंड को दो बड़े झटके दे दिए, और डकेट व पोप दोनों खाता भी नहीं खोल पाए।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के पेसर

वसीम अकरम- 414 विकेट (104 मैच)
मिचेल स्टार्क- 414 विकेट* (102 मैच)
चामिंडा वास- 355 विकेट (111 मैच)
ट्रेंट बोल्ट- 317 विकेट (78 मैच)
जहीर खान- 311 विकेट (92 मैच)

ब्रिसबेन टेस्ट: इंग्लैंड ने जीता टॉस

एशेज 2025 के दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शुरूआत इंग्लैंड के लिए आसान नहीं रही और 5 रन पर ही टीम को दो शुरुआती झटके लग गए। इसके बाद जो रूट और जैक क्रॉली ने पारी को संभाला और आगे बढ़ाया। खबर लिखे जाने तक, 21 ओवर में इंग्लैंड ने 2 विकेट पर 86 रन बना लिए थे, जिसमें रूट 31 और क्रॉली 50 रन बनाकर खेल रहे थे।

एशेज के दूसरे टेस्ट के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

ऑस्ट्रेलिया– जेक वेदरलैंड, ट्रेविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ (कप्तान), कैमरन ग्रीन, जोश इंग्लिस, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), माइकल नेसेर, मिचेल स्टार्क, स्कॉट बोलैंड, ब्रेंडन डोग्गेट।

इंग्लैंड– जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), विल जैक्स, गस एटकिंसन, ब्राइडन कार्स, जोफ्रा आर्चर।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here