मोहम्मद शमी का जवाब: SMAT 2025 में धारदार गेंदबाज़ी से चयनकर्ताओं को दिया करारा संदेश

0

नई दिल्ली: सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में जहां कई नए खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं की निगाहें टिकी हुई हैं, वहीं कुछ अनुभवी खिलाड़ी भी इस मंच के जरिए टीम इंडिया में दोबारा वापसी का रास्ता तलाश रहे हैं। इन्हीं में से एक नाम तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी का है, जो लंबे समय से टीम में लौटने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। शमी ने 4 दिसंबर को सर्विसेज़ के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अपनी घातक गेंदबाज़ी से साबित कर दिया कि उनके अंदर अब भी वही जुनून और धार मौजूद है। इस मैच में उनके शानदार प्रदर्शन ने न सिर्फ विरोधी बल्लेबाज़ों को परेशान किया, बल्कि चयनकर्ताओं को भी एक बार फिर उनके अनुभव और कौशल का करारा एहसास दिलाया है।

मोहम्मद शमी सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में बंगाल की टीम से खेल रहे हैं, जिसमें एलीट ग्रुप-सी में उनका सामना हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सर्विसेज के खिलाफ मुकाबला था। इस मैच में सर्विसेज की टीम को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला लेकिन वह 18.2 ओवर्स में 165 रन बनाकर सिमट गई जिसमें मोहम्मद शमी की गेंद से अहम भूमिका रही। शमी ने अपने 3.2 ओवर्स की गेंदबाजी में सिर्फ 13 रन देने के साथ 4 विकेट हासिल किए। वहीं इसके बाद बंगाल की टीम ने इस मुकाबले को 15.1 ओवर्स में सिर्फ तीन विकेट के नुकसान पर अपने नाम कर लिया। शमी को इस मैच में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी दिया गया। मोहम्मद शमी अभी तक सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में कुल 5 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 19.44 के औसत से कुल 9 विकेट अपने नाम किए हैं।

एलीट ग्रुप-सी में बंगाल की टीम का सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में अब तक बेहद शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। टीम ने अपने पांच में से चार मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए दमदार लय दिखाई है, जबकि केवल एक मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस निरंतर प्रदर्शन की बदौलत बंगाल 16 अंकों के साथ अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर काबिज है, हालांकि उनका नेट रनरेट फिलहाल -0.014 है। टीम की वर्तमान स्थिति को देखते हुए उसका अगले दौर में पहुंचना लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है। ग्रुप स्टेज में अब बंगाल के सामने 6 दिसंबर को पुडुचेरी और 8 दिसंबर को हरियाणा की चुनौती होगी, जिसमें वे अपनी जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here