हार्दिक-बुमराह के ‘शतक’ की गूंज: भारत की धमाकेदार जीत के साथ कटक T20 में बने 5 ऐतिहासिक रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली: कटक में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला रोमांच, दमखम और रिकॉर्ड्स से भरपूर रहा। टीम इंडिया ने 101 रनों की एकतरफा और प्रभावशाली जीत दर्ज करते हुए न केवल सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई, बल्कि अपने प्रदर्शन से यह भी जता दिया कि घरेलू हालात में उसे चुनौती देना आसान नहीं। इस मुकाबले के नायक रहे हार्दिक पंड्या, जिन्हें उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हार्दिक ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में छक्कों का शतक पूरा कर एक खास उपलब्धि हासिल की। वहीं तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह ने भी टी20I में 100 विकेट पूरे करते हुए एक अहम माइलस्टोन छुआ और अपनी तेज़ धार वाली गेंदबाज़ी से साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों को पूरी तरह दबाव में रखा।

इस रोमांचक मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम भारत की घातक गेंदबाज़ी के सामने पूरी तरह बिखर गई और महज़ 74 रन पर ऑलआउट हो गई। टी20 इंटरनेशनल इतिहास में यह प्रोटियाज़ का अब तक का सबसे निराशाजनक प्रदर्शन माना जा रहा है। दूसरी ओर, टीम इंडिया की 101 रनों की विशाल जीत ने भी रेकॉर्ड बुक में एक नया अध्याय जोड़ दिया। कुल मिलाकर, बाराबाती स्टेडियम में 9 दिसंबर 2025 की यह शाम कई यादगार पड़ाव छोड़ गई। आइए नज़र डालते हैं उन पांच बड़े रिकॉर्ड्स पर, जो इस मैच में बने:

कटक टी20 में दर्ज हुए 5 यादगार रिकॉर्ड

1. हार्दिक पंड्या ने 28 गेंद पर 59 रन की पारी खेली जिसमें 6 चौके और चार छक्के लगाए। इसी के साथ उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 100 छक्के पूरे किए और ऐसा करने वाले वह चौथे भारतीय बने। इस लिस्ट में 205 छक्कों के साथ रोहित शर्मा टॉप पर हैं। उनके बाद सूर्यकुमार यादव(155), विराट कोहली (124) मौजूद हैं। हार्दिक के 100 में 66 छक्के डेथ ओवर्स में (17-20) आए हैं। जो किसी भी बल्लेबाज के सबसे ज्यादा छक्के हैं।

2. जसप्रीत बुमराह ने 17 रन देकर दो विकेट लिए और भारत के 100 टी20 इंटरनेशनल विकेट लेने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। इस लिस्ट में अर्शदीप सिंह 107 विकेट के साथ टॉप पर हैं। वहीं बुमराह तीनों फॉर्मेट में 100 प्लस विकेट लेने वाले भी भारत के पहले और दुनिया के पांचवें खिलाड़ी बने। (क्लिक करें और पूरी खबर पढ़ें)

3. भारतीय टीम ने टी20 इंटरनेशनल में 9वीं बार 100 या उससे ज्यादा रन की जीत दर्ज की है। टी20 इंटरनेशनल में यह दूसरा बेस्ट रिकॉर्ड है। कनाडा की टीम 10 ऐसी जीत के साथ टॉप पर है। लेकिन खास बात यह है कि फुल मेंबर टीमों में भारत अव्वल है। भारत की यह सभी जीत फुल मेंबर नेशन्स के खिलाफ आई हैं। तीन बार भारत ने साउथ अफ्रीका को ही टी20 में 100 से ज्यादा रन से हराया है।

4. साउथ अफ्रीका की टीम को टी20 इंटरनेशनल में छठी बार 100 से ज्यादा रनों से हार का सामना करना पड़ा है। टी20 क्रिकेट के इतिहास में किसी फुल मेंबर टीम की यह सबसे ज्यादा ऐसी हार हैं। प्रोटियाज तीन बार भारत से ही 100 प्लस रनों से हारे हैं।

5. कटक टी20 में साउथ अफ्रीका की टीम 74 रनों पर ही सिमट गई। यह टी20 इंटरनेशनल में उसका सबसे कम स्कोर रहा है। उससे पहले 2022 में भारत के खिलाफ ही राजकोट के मैदान पर अफ्रीकी टीम 87 रनों पर ऑलआउट हुई थी।

साउथ अफ्रीका के टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम स्कोर

74 बनाम भारत, कटक, 2025
87 बनाम भारत, राजकोट, 2022
89 बनाम ऑस्ट्रेलिया, जोहानिसबर्ग, 2020
95 बनाम भारत, जोहानिसबर्ग, 2023
96 बनाम ऑस्ट्रेलिया, केपटाउन, 2020
98 बनाम श्रीलंका, कोलंबो, 2018

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here