नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 टीमों के बीच दुबई स्थित आईसीसी अकादमी में खेले गए एशिया कप अंडर-19 के ग्रुप-ए मुकाबले में भारतीय टीम ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए दबदबा बनाए रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 46.1 ओवर में 240 रन पर सिमट गई, जिसमें आरोन जॉर्ज ने 85 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 41.2 ओवर में 150 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस तरह भारत ने यह मुकाबला 90 रनों से अपने नाम किया, जिसमें गेंदबाजी में दीपेश और कनिष्क ने शानदार प्रदर्शन कर अहम भूमिका निभाई।
भारतीय टीम ने इस मैच में पाकिस्तान को 241 रनों का टारगेट दिया था जो उन्हें 49 ओवर्स में चेज करना था। पाकिस्तान की अंडर-19 टीम की तरफ से इस मैच में काफी धीमी शुरुआत देखने को मिली, जिसमें उन्होंने 8 ओवर्स में बिना किसी नुकसान के 21 रन बनाए थे। टीम इंडिया की तरफ से 9वें ओवर में गेंदबाजी करने आए तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन ने पहली ही गेंद पर समीर मिन्हास का विकेट हासिल करने के साथ भारतीय टीम को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद दीपेश ने अली हसन और अहमद हुसैन को भी अपना शिकार बनाया। वहीं स्पिनर कनिष्क चौहान ने भी गेंदबाजी अटैक पर आते ही उस्मान खान के रूप में अपना पहला विकेट हासिल किया। भारतीय टीम के गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते पाकिस्तान ने अपनी आधी टीम 77 के स्कोर तक गंवा दी थी।
हुजैफा अहसन ने एक छोर से पाकिस्तानी टीम की पारी को संभालने का प्रयास जरूर किया जिसमें उनके बल्ले से 70 रनों की पारी देखने को मिली, लेकिन वह टीम को शर्मनाक हार से बचाने में कामयाब नहीं हो सके। पाकिस्तानी अंडर-19 टीम 41.2 ओवर्स में 150 रन बनाकर सिमट गई। वहीं भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने जहां 3-3 विकेट हासिल किए तो वहीं किशन कुमार सिंह ने 2 विकेट जबकि खिलान पटेल और वैभव सूर्यवंशी भी 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।
एशिया कप अंडर-19 में पाकिस्तान के खिलाफ 90 रनों की शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम ने ग्रुप-ए की अंक तालिका में 4 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है, जहां उसका नेट रनरेट 3.240 रहा। वहीं पाकिस्तान की टीम दो मुकाबलों में एक जीत और एक हार के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गई है। अब टीम इंडिया अपना अगला मैच 16 दिसंबर को मलेशिया अंडर-19 टीम के खिलाफ खेलेगी।


