मप्र जल संसाधन विभाग की 34वीं अंतरक्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता का रीवा में शुभारंभ
एनएसटी न्यूज, भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से सकारात्मक वातावरण बनता है और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। खिलाड़ी खेल भावना के साथ भाग लेते हैं और हार-जीत को सहजता से स्वीकार करते हैं। उन्होंने यह बात रीवा के स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में आयोजित मध्यप्रदेश जल संसाधन विभाग की 34वीं अंतरक्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कही।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रतिवर्ष खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करते हैं, यह सराहनीय पहल है। प्रतियोगिता में भाग लेने आए अधिकारियों और कर्मचारियों का स्वागत करते हुए उन्होंने रीवा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख किया और कहा कि यह भूमि चित्रकूटधाम, मां विंध्यवासिनी, बाबा महामृत्युंजय और माँ कालिका के आशीर्वाद से धन्य है।
उन्होंने कहा कि सोन और बीहर नदियों के जल तथा बाणसागर बांध के निर्माण से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है। वर्तमान में लगभग 3 लाख एकड़ क्षेत्र में सिंचाई हो रही है, जिसे शीघ्र ही 6 लाख एकड़ तक बढ़ाया जाएगा। आने वाले वर्षों में रीवा और मऊगंज जिले के करीब 9 लाख एकड़ क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 54 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो रही है, जिसे भविष्य में एक करोड़ हेक्टेयर तक ले जाने का लक्ष्य है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निर्माण के बाद रीवा में नियमित रूप से खेल गतिविधियां हो रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जल संसाधन विभाग की इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी संभागों से लगभग 600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 25 से अधिक महिला खिलाड़ी शामिल हैं। छह दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में फुटबॉल, क्रिकेट, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, शूटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन और एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। शुभारंभ अवसर पर प्रमुख अभियंता विनोद कुमार देवड़ा, मुख्य अभियंता ए.के. डेहरिया, चंबल-बेतवा कछार के मुख्य अभियंता आर.के. अहिरवार, अधीक्षण यंत्री मनोज तिवारी, संभागीय खेल अधिकारी एम.के. धौलपुरी, प्रांत अध्यक्ष मनीष मांडलिक सहित विभागीय अधिकारी और प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित रहे।


