बीडीसीए अंडर-18 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट: सीहोर ने राजगढ़ को पहली पारी की बढ़त से हराया

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल डिविजन क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा विदिशा के कनारा मैदान पर आयोजित बीडीसीए अंडर-18 बॉयज इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट में सीहोर डिस्ट्रिक्ट ने राजगढ़ डिस्ट्रिक्ट को पहली पारी की बढ़त के आधार पर पराजित किया। मैच में राजगढ़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की, लेकिन पूरी टीम 21.4 ओवर में 57 रन पर ऑलआउट हो गई। विनायक शर्मा ने 20 रन बनाए। सीहोर की ओर से नवनीत सोनी और दीपेश सेन ने 3-3 विकेट, जबकि सक्षम त्यागी ने 2 विकेट लिए। जवाब में सीहोर ने 86.3 ओवर में 298 रन बनाए। सक्षम त्यागी ने शानदार 118 रन की शतकीय पारी खेली। दीपेश सेन ने 72 और अंश गाबा ने 36 रन का योगदान दिया। राजगढ़ की ओर से विनायक पाटीदार और रामपाल सोलंकी ने 5-5 विकेट लिए। राजगढ़ ने दूसरी पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक 49 ओवर में 5 विकेट पर 151 रन बनाए। पारस पोरेल 55 और प्रखर मंडलोई 29 रन बनाकर नाबाद रहे। सीहोर की ओर से देवेंद्र ठाकुर ने 3 और नवनीत सोनी ने 2 विकेट लिए। इस तरह सीहोर ने पहली पारी की बढ़त के आधार पर मुकाबला जीत लिया।

जी.एस. पठानिया स्मृति अंडर-18 क्रिकेट: अकीरा बनाम शिवाय मुकाबले में रोमांचक शुरुआत

भोपाल डिविजन क्रिकेट एसोसिएशन और सेज ग्रुप द्वारा आयोजित स्वर्गीय श्री जी.एस. पठानिया “सर” अंडर-18 बॉयज इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट में अकीरा क्रिकेट अकादमी और शिवाय क्रिकेट अकादमी के बीच दो दिवसीय मुकाबला बाबे अली मैदान पर शुरू हुआ।  शिवाय क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। अकीरा अकादमी की टीम 52.4 ओवर में 167 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पियूष तोमर ने 52 और रजत सिंह ने 38 रन बनाए। शिवाय की ओर से धैर्य ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए, जबकि समर्थ और हर्ष चौहान को 2-2 सफलता मिली। जवाब में शिवाय अकादमी ने दिन का खेल समाप्त होने तक 35 ओवर में 6 विकेट पर 115 रन बना लिए। यशराज दादलानी ने 32 रन बनाए, जबकि कार्तिक मेवाड़ा 24 और हर्ष चौहान 14 रन बनाकर नाबाद रहे। अकीरा की ओर से लक्ष्य पांडे ने 3 विकेट, इशांक शर्मा और रजत सिंह ने 1-1 विकेट लिया। मैच का दूसरा और अंतिम दिन सोमवार को खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here