ICC Rankings: सूर्या को टक्कर, रोहित-अभिषेक का दबदबा कायम; वरुण चक्रवर्ती की करियर बेस्ट रेटिंग

0

नई दिल्ली: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार, 17 दिसंबर को मेंस क्रिकेट की ताजा रैंकिंग जारी कर दी। खराब फॉर्म से जूझ रहे भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव पर टॉप-10 से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं, अभिषेक शर्मा और रोहित शर्मा की बादशाहत लगातार कायम है। अभिषेक टी20 में और रोहित वनडे में नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए हैं। इसके अलावा, दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती ने इतिहास रचते हुए टी20 में सबसे ज्यादा रेटिंग हासिल करने वाले भारतीय गेंदबाज बनने का गौरव पाया है।

टी20 बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में अभिषेक शर्मा 909 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। तिलक वर्मा ने दो रैंक की उन्नति करते हुए चौथे स्थान पर कब्जा किया है, उनके रेटिंग अंक 774 हैं। वहीं, भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव एक स्थान फिसलकर दसवें स्थान पर पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श एक स्थान ऊपर उठकर आठवें स्थान पर आ गए हैं, जबकि न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट दो रैंक ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

वरुण चक्रवर्ती की बादशाहत जारी

टी20 गेंदबाजों की ताजा रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती के 818 रेटिंग अंक हो गए हैं। उनके और दूसरे नंबर के खिलाड़ी के बीच 100 से ज्यादा रेटिंग अंकों का अंतर है। दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के जैकब डफी 699 रेटिंग अंकों के साथ हैं। 818 अंकों के साथ वरुण चक्रवर्ती टी20 इतिहास में सबसे ज्यादा रेटिंग वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।

वनडे में रोहित शर्मा की बादशाहत बरकरार

वनडे बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में रोहित शर्मा 781 रेटिंग अंकों के साथ पहले और विराट कोहली 773 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे नंबर पर बने हुए हैं। शुभमन गिल पांचवें नंबर पर हैं, उनके रेटिंग अंक 723 हैं। वहीं, श्रेयस अय्यर एक स्थान फिसलकर दसवें नंबर पर पहुंच गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here