एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) द्वारा आयोजित परमानंद भाई पटेल चार दिवसीय मल्टी-डे अंडर-22 बॉयज इंटर डिवीजनल क्रिकेट टूर्नामेंट में भोपाल डिवीजन ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए शहडोल डिवीजन पर एकतरफा जीत दर्ज की। उज्जैन स्थित एमपीसीए क्रिकेट मैदान पर खेले गए इस मुकाबले के तीसरे दिन भोपाल ने शहडोल को एक पारी और 94 रन से पराजित कर अपनी ताकत का लोहा मनवाया।
तीसरे दिन शहडोल डिवीजन ने अपनी पहली पारी 4 विकेट पर 163 रन से आगे बढ़ाते हुए कुल 106.4 ओवर में 250 रन बनाए, लेकिन पूरी टीम ऑलआउट हो गई। भोपाल डिवीजन की सधी हुई गेंदबाजी के सामने शहडोल के बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके। भोपाल की ओर से अनिमेष सिंह और प्रारब्ध मिश्रा ने 3-3 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि तनिष्क यादव ने 2 अहम विकेट चटकाए।
पहली पारी में 503 रन बनाने वाली भोपाल डिवीजन ने इस तरह 253 रन की बड़ी बढ़त हासिल की और शहडोल को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया। दबाव में दूसरी पारी खेलने उतरी शहडोल की टीम भी 49.5 ओवर में मात्र 159 रन बनाकर सिमट गई। भोपाल के गेंदबाजों ने यहां भी अपना दबदबा बनाए रखा। तन्मय पांडे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, वहीं तनिष्क यादव और शिवांश चतुर्वेदी ने 2-2 विकेट लेकर जीत की औपचारिकता पूरी की। इस शानदार जीत के साथ भोपाल डिवीजन ने पूरे मैच में हर विभाग में श्रेष्ठता साबित की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ओजस्व यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इसी दिन अंडर-15 बॉयज इंटर डिवीजनल एम.एम. जगदाले ट्रॉफी (तीन दिवसीय मल्टी-डे) में भी भोपाल डिवीजन ने अपना दबदबा कायम रखा। जबलपुर के नीमखेड़ा स्थित एमपीसीए मैदान पर खेले गए मुकाबले के तीसरे दिन जबलपुर डिवीजन ने अपनी पहली पारी 168 रन पर समाप्त की। रेवांश चौबे ने नाबाद 78 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। भोपाल की ओर से रुद्र तेनगुरिया ने 6 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। पहली पारी में 274 रन की बढ़त हासिल करने के बाद भोपाल ने जबलपुर को फॉलोऑन दिया।
फॉलोऑन में भी जबलपुर की स्थिति नहीं सुधरी और टीम 146 रन पर ऑलआउट हो गई। इस पारी में भी रुद्र तेनगुरिया ने 7 विकेट झटककर कुल 13 विकेट के साथ मैच पर पूरी तरह कब्जा जमाया। देव कनौजिया ने 2 विकेट लिए। भोपाल ने यह मुकाबला पारी और 128 रन से जीत लिया और 7 अंक अर्जित किए। इस मैच में ग्रंथ प्रजापति और रुद्र तेनगुरिया को संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
वहीं परमानंद भाई पटेल अंडर-22 टूर्नामेंट के एक अन्य मुकाबले में भोपाल के फैथ मैदान पर उज्जैन और रीवा डिवीजन के बीच मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। उज्जैन डिवीजन ने पहली पारी में 289 रन बनाए, जिसके जवाब में रीवा ने 74 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में रीवा ने दिन का खेल समाप्त होने तक 6 विकेट पर 113 रन बना लिए हैं।
इसके अलावा अंडर-18 इंटर क्लब और अकादमी मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शरद चौरे और अनुग्रह सिंह की शतकीय पारियों के साथ-साथ कई गेंदबाजों की प्रभावी गेंदबाजी ने टूर्नामेंट को और रोचक बना दिया है।


