धुंध ने बिगाड़ा लखनऊ टी20 मुकाबला, रद्द हुआ मैच; क्या दर्शकों को मिलेगा टिकट का पैसा वापस?

0

नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होना था, लेकिन घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। अंपायर्स ने हालात का छह बार निरीक्षण किया, इसके बावजूद खेल शुरू करना संभव नहीं हो सका और अंततः मुकाबले को रद्द करने का फैसला लिया गया। यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम था—टीम इंडिया की नजरें सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने पर थीं, जबकि साउथ अफ्रीका इसे 2-2 से बराबर करना चाहती थी। मैच के महत्व को देखते हुए बड़ी संख्या में दर्शक इकाना स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन मुकाबला रद्द होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। ऐसे में अब फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि उन्होंने जो टिकट खरीदे थे, क्या उसके पैसे उन्हें वापस मिलेंगे या नहीं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मुकाबलों के रद्द होने या किसी कारणवश मैच न हो पाने की स्थिति में दर्शकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट नियम तय किए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई के अनुसार, यदि कोई मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया जाता है, तो टिकट बुकिंग फीस को छोड़कर शेष पूरी राशि टिकट धारकों को वापस की जाती है। वहीं अगर मुकाबला शुरू हो चुका हो और बाद में मौसम या किसी अन्य कारण से रद्द किया जाता है, तो ऐसी स्थिति में टिकट का कोई रिफंड नहीं मिलता। लखनऊ में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का जो मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हुआ, उसे देखने के लिए टिकट खरीदकर पहुंचे दर्शकों को उनकी टिकट की राशि वापस मिलेगी। इस रिफंड प्रक्रिया को लेकर स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन और आधिकारिक टिकटिंग पार्टनर की ओर से जल्द ही विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।

लखनऊ में खेले जाने वाले चौथे टी20 मुकाबले की ऑनलाइन टिकट बिक्री डिस्ट्रिक ऐप के जरिए की गई थी। टिकटिंग प्लेटफॉर्म ने अपनी नियम और शर्तों में रिफंड को लेकर साफ तौर पर उल्लेख किया है कि यदि मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया जाता है, तो ऐसी स्थिति में दर्शकों को टिकट की राशि वापस की जाएगी। ऐसे में कोहरे के कारण रद्द हुए इस मुकाबले में, चूंकि कोई भी गेंद नहीं फेंकी गई, इसलिए टिकट खरीदने वाले फैंस रिफंड पाने के पात्र होंगे।

टीम इंडिया इस साल अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 19 दिसंबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के पांचवें और अंतिम मैच के रूप में खेलेगी। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां भारतीय टीम की नजरें इस मैच को जीतकर सीरीज को 3-1 से अपने नाम करने पर होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here