यशस्वी जायसवाल ने साझा किया हेल्थ अपडेट, वापसी की तैयारी में यशस्वी जायसवाल

0

नई दिल्ली: यशस्वी जायसवाल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में मुंबई की तरफ से खेल रहे थे और उन्होंने कई शानदार पारियां खेली। लेकिन टूर्नामेंट के बीच राजस्थान के खिलाफ मैच के बाद उन्हें पेट में तेज दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जांच में उनके पेट में सूजन की समस्या पाई गई। इसके बाद उनका सीटी स्कैन किया गया और डॉक्टर्स ने उन्हें पर्याप्त आराम करने की सलाह दी। अब यशस्वी जायसवाल ने खुद अपने स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में अपडेट साझा किया है।

यशस्वी ने सोशल मीडिया पर साझा किया अपडेट

यशस्वी जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह पिछले कुछ दिनों में मिली ढेर सारी शुभकामनाओं के लिए सभी का धन्यवाद करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वे अब अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं और इस दौरान उन्हें बेहतरीन चिकित्सा मिलने के लिए आभार है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही मैदान पर वापसी करने के लिए उत्सुक हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में मुंबई की टीम के लिए जायसवाल ने केवल तीन ही मुकाबले खेले थे और इस दौरान उन्होंने कुल 145 रन बनाए, जिसमें एक शतक भी शामिल था। बाद में उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

भारत के लिए सभी तीन फॉर्मेट में खेल चुके खिलाड़ी

यशस्वी जायसवाल भारतीय टीम के लिए तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने 28 टेस्ट मैचों में कुल 2,511 रन बनाए, जिसमें उनके बल्ले से 7 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा चार वनडे मैचों में उन्होंने 171 रन बनाए हैं। वहीं, 23 T20I मैचों में उनका रन कुल 723 है। खास बात यह है कि उनके नाम पर तीनों फॉर्मेट में शतक दर्ज हैं।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगाया वनडे शतक

यशस्वी जायसवाल ने हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 89 गेंदों में 106 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे। यह उनके वनडे करियर का पहला शतक था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here