नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के फाइनल में कप्तान इशान किशन ने हरियाणा के खिलाफ शानदार 101 रनों की शतकीय पारी खेली, जिसने टीम को जीत की ओर अग्रसर किया। इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ ही इशान ने अभिषेक शर्मा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। वहीं, अपनी इस पारी में 10 छक्के लगाकर उन्होंने एमएस धोनी के लंबे समय से कायम कीर्तिमान को भी तोड़ दिया, और अपनी क्षमता और धाकड़ बल्लेबाजी का एक बार फिर सबूत पेश किया।
इशान किशन ने किया अभिषेक का रिकॉर्ड बराबर
इशान किशन ने हरियाणा के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतकीय पारी खेली, जो उनके इस टूर्नामेंट में पांचवां शतक था। इससे पहले सैयद मुश्ताक अली में पांच शतक लगाने का रिकॉर्ड केवल पंजाब के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम था। अब इशान किशन ने इस उपलब्धि की बराबरी कर ली है और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में अभिषेक शर्मा के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर आ गए हैं। गौरतलब है कि अभिषेक ने यह 5 शतक 54 मैचों में लगाए थे, जबकि इशान को यह मुकाम हासिल करने के लिए 64 मैच खेलने पड़े।
इशान किशन ने पीछे छोड़ा एमएस धोनी
इशान किशन ने इस सीजन में कुल 517 रन बनाए और इस दौरान 33 छक्के लगाए। इन 33 छक्कों के साथ इशान ने किसी भी टी20 टूर्नामेंट में—चाहे वह इंटरनेशनल हो या डोमेस्टिक फ्रेंचाइजी—किसी भी स्तर पर विकेट-कीपर कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड एमएस धोनी और निकोलस पूरन के पास था; धोनी ने आईपीएल 2018 में 30 छक्के लगाए थे, जबकि निकोलस पूरन ने ILT20 2023-24 में भी 30 छक्के लगाए थे।
एक टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले विकेटकीपर-कप्तान
- इशान किशन- 33 छक्के (सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025)
- एमएस धोनी- 30 छक्के (आईपीएल 2018)
- निकोलस पूरन- 30 छक्के (आईएलटी 2023-24)
- एडम गिलक्रिस्ट- 29 छक्के (आईपीएल 2009)


