IND W vs SL W: शेफाली चमकीं, भारत की शानदार जीत; श्रीलंका पर 7 विकेट से जीत के साथ 2-0 की बढ़त

0

विशाखापत्तनम: सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारतीय महिला टीम ने दूसरे टी20 मुकाबले में श्रीलंका को सात विकेट से शिकस्त दी। भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के चलते श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 128 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ने शेफाली की शानदार बल्लेबाजी के दम पर महज 11.5 ओवर में 3 विकेट खोकर 129 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। भारत के लिए शेफाली वर्मा ने 34 गेंदों पर 11 चौके और एक छक्का जड़ते हुए नाबाद 69 रन की दमदार पारी खेली, जबकि ऋचा घोष एक रन बनाकर नाबाद रहीं।

जेमिमा–शेफाली की शानदार साझेदारी से भारत को मिली जीत

भारत की पारी की शुरुआत शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने की, लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। कविष्का ने मंधाना को आउट कर भारत को पहला झटका दिया; मंधाना 11 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाकर 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स और शेफाली वर्मा ने पारी को संभालते हुए शानदार साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया, जिसके चलते भारत का स्कोर आठवें ओवर में ही 80 रन के पार पहुंच गया। हालांकि, काव्या काविंदी ने जेमिमा रोड्रिग्स को आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। जेमिमा ने 15 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 26 रन बनाए और इसी के साथ इस अहम साझेदारी का अंत हुआ। जेमिमा और शेफाली ने दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर 12 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुईं। श्रीलंका की ओर से माल्की मदारा, काव्या काविंदी और कविशा दिलहारी को एक-एक सफलता मिली।

श्रीलंका की खराब शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत को एक बार फिर क्रांति गौड़ ने पहले ही ओवर में सफलता दिलाई। क्रांति ने विष्मी गुणारत्ने को आउट किया जो एक रन बनाकर पवेलियन लौटीं। श्रीलंका ने फिर 38 रन के स्कोर पर दूसरा विकेट गंवाया। स्नेह राणा ने कप्तान चामरी अट्टापट्टू को पवेलियन की राह दिखाई। चामरी 24 गेंदों पर तीन चौका और दो छक्के की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुईं।

श्री चरणी ने तोड़ी साझेदारी

हसिनी परेरा और हर्षिता समरविक्रमा ने शानदार साझेदारी कर श्रीलंकाई पारी को संभाला। भारत ने श्रीलंका को शुरुआती झटके दिए, लेकिन हसिनी और हर्षिता ने टीम को संभाला और दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को श्री चरणी ने हसिनी को आउट कर तोड़ा जो 28 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद अच्छी बल्लेबाजी कर रहीं हर्षिता मदावी रन होकर पवेलियन लौट गईं। हर्षिता ने 32 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 33 रन बनाए। फिर पिछले मैच से डेब्यू करने वाली वैष्णवी शर्मा को आखिरकार टी20 करियर का पहला विकेट मिला। वैष्णवी ने निलाक्षी को आउट किया जो दो रन बनाकर आउट हुईं।

श्रीलंका ने आखिरी ओवर में गंवाए तीन विकेट

पहले बल्लेबाजी करते हुए एक बार फिर श्रीलंका की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। टीम ने आखिरी ओवर में तीन विकेट गंवाए। श्रीलंकाई पारी का 20वां ओवर डालने वैष्णवी आईं। उन्होंने दूसरी गेंद पर शशिनी गिमहानी को आउट किया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर काव्या काविंदी रन आउट हुईं, जबकि अंतिम गेंद पर तेजी से दो रन चुराने के चक्कर में कौशानी भी अपना विकेट गंवा बैठीं। भारत के लिए वैष्णवी शर्मा और श्री चरणी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि क्रांति गौड़ और स्नेह राणा को एक-एक सफलता मिली।

भारतीय टीम में एक बदलाव किया गया

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले के लिए भारत ने अपनी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। टॉस के दौरान हरमनप्रीत ने बताया कि दीप्ति शर्मा की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण उन्हें इस मैच से बाहर रखा गया है और उनकी जगह स्नेह राणा को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, श्रीलंका की टीम ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11:

भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, श्री चरणी।

श्रीलंका: विष्मी गुणारत्ने, चामरी अट्टापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, निलाक्षी डि सिल्वा, कविशा दिलहारी, कौशानी नुथयांगाना (विकेटकीपर), माल्की मदारा, इनोका रानावीरा, काव्या काविंदी, शशिनी गिमहानी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here