एनएसटी न्यूज, इंदौर। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) की प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्रिकेट और प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई तथा विभिन्न समितियों की सिफारिशों को स्वीकृति प्रदान की गई। क्रिकेट डेवलपमेंट कमेटी (सीडीसी) की सिफारिशों पर चर्चा करते हुए जिलों में क्रिकेट गतिविधियों को सुव्यवस्थित करने और डिवीजनल टीमों के चयन में पारदर्शिता व निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी। अंपायर्स कमेटी की ओर से सभी डिवीजनों को लाइट मीटर उपलब्ध कराने और महिलाओं के लिए अलग अंपायर पैनल के गठन को मंजूरी दी गई। वित्त समिति ने महिला क्रिकेटरों के लिए मासिक बेनेवोलेंस योगदान की संभावनाओं पर विचार करने का निर्णय लिया। साथ ही इंडिया–न्यूजीलैंड अंतरराष्ट्रीय मैच के आयोजन के लिए प्रस्तावित बजट को भी स्वीकृति दी गई। इंफ्रास्ट्रक्चर कमेटी की सिफारिश पर इंदौर और ग्वालियर में स्टेडियम विकास कार्यों को हरी झंडी दी गई। बैठक के बाद इंडिया–न्यूजीलैंड मैच के आयोजन को लेकर आयोजन समिति की पहली बैठक भी हुई। इसमें एमपीसीए के पदाधिकारियों के साथ संजीव राव, दिलीप चूड़गर और आईडीसीए अध्यक्ष आकाश विजयवर्गीय भी उपस्थित रहे। प्रशासनिक समन्वय के लिए पुलिस विभाग से रामसनेही मिश्रा, राजस्व विभाग से सपना लोवांशी, नगर निगम से अभिषेक सिंह और एडीएम रोशन राय ने भाग लिया। बैठक में सुरक्षा, यातायात, व्यवस्थाओं और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
Home Breaking News एमपीसीए प्रबंध समिति की बैठक में अहम फैसले, इंडिया-न्यूजीलैंड मैच की तैयारियों...


