मंडला में तीरंदाजी प्रतिभा चयन कार्यक्रम आयोजित, 180 बालक-बालिकाओं ने लिया हिस्सा

0

मंडला, एनएसटी न्यूज। कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में जिला खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय मंडला द्वारा तीरंदाजी सहायक प्रशिक्षण केंद्र के लिए प्रतिभा चयन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से दोपहर दो बजे तक पं. दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम, मंडला में संपन्न हुआ। प्रतिभा चयन कार्यक्रम में 9 से 16 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 180 बालक-बालिकाओं ने सहभागिता की। इनमें करीब 60 बालिकाएं और 120 बालक शामिल रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय, विसडम वर्ल्ड स्कूल, शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय, रानी अवंती बाई उमा विद्यालय क्रमांक-02, ज्ञानदीप विद्यालय, भारत ज्योति विद्यालय एवं मॉन्टफोर्ट विद्यालय के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी विकास खराड़कर ने खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को तीरंदाजी प्रतिभा चयन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार संचालित तीरंदाजी सहायक प्रशिक्षण केंद्र मंडला में चयनित खिलाड़ियों को वर्षभर निश्शुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रतिभा चयन दो चरणों में होगा, जिसमें प्रथम चरण में स्किल टेस्ट और द्वितीय चरण में फिटनेस टेस्ट लिया जाएगा।संचालन मुख्य प्रशिक्षक जसवंत अहिरवार द्वारा किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों के शारीरिक मापदंड जैसे लंबाई, वजन और स्किल टेस्ट लिए। साथ ही डोमिनेंट आई (मास्टर आई) का परीक्षण किया गया और खिलाड़ियों को इंडियन राउंड, कंपाउंड एवं रिकर्व तीरंदाजी की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों की तीरंदाजी कौशल का भी मूल्यांकन किया गया। द्वितीय चरण के ट्रायल जनवरी 2026 में आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल के उपरांत मेरिट के आधार पर 31 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आवश्यक खेल उपकरण एवं प्रतियोगिता एक्सपोजर किट निश्शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here