भोपाल, एनएसटी न्यूज। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति ग्रीन पैराडाइज कप में बुधवार को नगर निगम कमिश्नर एकादश ने अपने विजय अभियान को जारी रखा। ओल्ड कैम्पियन मैदान पर खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में कमिश्नर एकादश ने डीआरपी लाइन भोपाल को 59 रनों से करारी शिकस्त देकर शान के साथ फाइनल में प्रवेश किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नगर निगम कमिश्नर एकादश ने निर्धारित ओवरों में 207/6 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विजय पारोचे ने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाते हुए 86 रनों की तूफानी पारी खेली। उनका बखूबी साथ देते हुए रणवीर वैद्य ने 46, बिट्टू चौहान ने 37 और रवि नरवारे ने 15 रनों का योगदान दिया। डीआरपी लाइन की ओर से संदीप लोधी और गौतम ने 2-2 विकेट झटके। 208 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीआरपी लाइन भोपाल की टीम दबाव में नजर आई और निर्धारित ओवरों में 148/7 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सर्वेश यादव (44 रन) और फिरोज अली बिट्टू (31 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाजों का साथ न मिलने के कारण टीम हार गई। कमिश्नर एकादश की घातक गेंदबाजी के आगे बल्लेबाज बेबस दिखे। रणवीर वैद्य ने 2 विकेट लिए, जबकि जावेद, फहद, बिट्टू, राजवीर और मुद्दसिर को 1-1 सफलता मिली। शानदार प्रदर्शन के लिए विजय पारोचे को ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया। उन्हें यह सम्मान सेंट्रल जोन की महिला क्रिकेटर प्रीति यादव और विनय शुक्ला ने प्रदान किया।


