भोपाल, एनएसटी न्यूज। भोपाल के सितारा खिलाड़ी और वर्ल्ड 6 रेड स्नूकर चैंपियन कमल चावला ने अपनी श्रेष्ठता एक बार फिर साबित की है। पुणे के क्यू क्लब में आयोजित ऑल इंडिया ओपन हे बॉल पूल टूर्नामेंट में कमल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी जीत दर्ज की। विशेष बात यह रही कि खिताबी मुकाबला गुरु और शिष्य के बीच था, जिसमें कमल ने बाजी मारी।
शिष्य हुसैन खान को दी कड़ी चुनौती
फाइनल मुकाबले में कमल चावला का सामना अपने ही स्टूडेंट और रतलाम (मप्र) के प्रतिभावान खिलाड़ी हुसैन खान से हुआ। रोमांचक मुकाबले में अनुभवी कमल ने संयम और सटीक शॉट्स का प्रदर्शन करते हुए हुसैन को 6-4 से पराजित कर ट्राफी पर कब्जा जमाया। इससे पहले सेमीफाइनल में कमल ने महाराष्ट्र के सोनू मतांग को 6-3 से और क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक के योगेश कुमार को कड़े संघर्ष में 6-5 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था।
चंडीगढ़ में भी दिखा भोपाल का दम
पुणे से ठीक पहले चंडीगढ़ में संपन्न हुई ‘इंडिया स्टॉप हे बॉल पूल वर्ल्ड ओपन’ प्रतियोगिता में भी भोपाल के खिलाड़ियों ने छाप छोड़ी। यहाँ कमल चावला और भोपाल के ही उभरते खिलाड़ी उजैर खान (कमल के ट्रेनी) क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे। जहाँ कमल ईजिप्ट के अलमौला से 6-7 से हारकर बाहर हुए, वहीं उजैर खान को इंग्लैंड के दिग्गज जैक वेलहन ने 7-6 के नजदीकी अंतर से शिकस्त दी।
मप्र का क्यू स्पोर्ट्स में सुनहरा दौर
इस वर्ष मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने क्यू स्पोर्ट्स (स्नूकर और पूल) में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कमल चावला की यह जीत प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।


