भोपाल, एनएसटी न्यूज। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित परमानंद भाई पटेल मल्टी डे अंडर-22 बॉयज इंटर डिविजनल क्रिकेट टूर्नामेंट में भोपाल डिवीजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंबल डिवीजन को पारी एवं 136 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबला भोपाल के फैथ मैदान पर खेला गया। मैच के चौथे और अंतिम दिन चंबल डिवीजन ने दूसरी पारी में 1 विकेट पर 31 रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन पूरी टीम 64.5 ओवर में 213 रन पर सिमट गई। चंबल की ओर से दक्ष वर्मा ने 63 रन और अभय बलुआ ने 36 रन बनाए। भोपाल डिवीजन के गेंदबाज प्रारब्ध मिश्रा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 9 विकेट झटके और मैच में कुल 12 विकेट अपने नाम किए।
इस जीत के साथ भोपाल डिवीजन को 7 अंक मिले। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रारब्ध मिश्रा को भोपाल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव शांति कुमार जैन, उपाध्यक्ष प्रदीप देशमुख, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर धाकड़, एमपीसीए ऑब्जर्वर हर्ष पांडे और सिलेक्टर डीके जैन ने प्रदान किया। प्रारब्ध ने मैच में 194 रन और दोनों पारियों में 12 विकेट लिए। भोपाल डिवीजन अब अपना फाइनल मुकाबला इंदौर में 27 दिसंबर से इंदौर डिवीजन के खिलाफ खेलेगा।
इधर, मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-15 बॉयज इंटर डिविजनल एम.एम. जगदाले ट्रॉफी (तीन दिवसीय) का फाइनल मुकाबला सागर के चंदू सरवटे मैदान पर भोपाल और इंदौर डिवीजन के बीच शुरू हुआ। भोपाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक इंदौर डिवीजन ने 94 ओवर में 4 विकेट पर 241 रन बना लिए। वीर पांडे 119 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि समीर ने 58 और सौरभ चेनानी ने 41 रन का योगदान दिया। भोपाल की ओर से केविन जोसेफ, देव कनौजिया और रुद्र तेनगुरिया ने एक-एक विकेट लिया। मैच का दूसरा दिन मंगलवार को खेला जाएगा।
वहीं, भोपाल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन और सेज ग्रुप द्वारा आयोजित जी.एस. पठानिया “सर” अंडर-18 बॉयज इंटर क्लब/अकादमी टूर्नामेंट में अरेरा क्रिकेट अकादमी ने सेंट माइकल अकादमी को पहली पारी की बढ़त के आधार पर हराकर फाइनल में प्रवेश किया। ओल्ड फ्रेंड्स मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में अरेरा अकादमी ने 90 ओवर में 7 विकेट पर 403 रन बनाए। प्रतीक शुक्ला ने 164 और ओम शुभ मिश्रा ने 118 रन की शानदार पारियां खेलीं। सेंट माइकल की ओर से अज़हर ने 3 विकेट लिए। दूसरी पारी में सेंट माइकल अकादमी दिन का खेल समाप्त होने तक 51 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला प्रेसिडेंट इलेवन और अरेरा क्रिकेट अकादमी के बीच 25 और 26 दिसंबर को खेला जाएगा।


