Vijay Hazare Trophy: एक दिन, 22 शतक: रोहित-विराट समेत कई बल्लेबाजों ने रचा इतिहास

0

नई दिल्ली: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का आगाज जिस अंदाज में हुआ है, उसे देखकर फैंस के दिलों में आगे के रोमांच को लेकर खलबली मच गई है। टूर्नामेंट के पहले ही दिन 22 धुरंधर बल्लेबाजों ने शतक जड़कर इतिहास रच दिया। इस सूची में दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे बड़े नामों के साथ युवा वैभव सूर्यवंशी और स्वास्तिक समल जैसे उभरते खिलाड़ी भी शामिल रहे। इसके साथ ही एक ही दिन में सबसे ज्यादा 19 शतकों का पुराना रिकॉर्ड भी टूट गया।

इस टूर्नामेंट के पहले दिन कई दिग्गजों से युवाओं तक सभी ने सुर्खियां बटोरीं। बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने 32 गेंद पर शतक लगाया और विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ा। वहीं इशान किशन का 33 गेंद पर शतक, वैभव सूर्यवंशी की 190 रन की पारी, विराट और रोहित का शतक, कई चर्चा के विषय बने।

विजय हजारे ट्रॉफी में इतिहास, पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त

विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में पहले एक दिन में सबसे ज्यादा 19 शतकों का रिकॉर्ड था। अब यह रिकॉर्ड टूट गया है। इससे पहले 3 जनवरी 2025 और 12 दिसंबर 2021 को एक दिन में 19-19 शतक लगे थे। अब 2025-26 सत्र की शुरुआत के पहले दिन ही 22 शतक लगे और पुराने दोनों रिकॉर्ड टूट गए।

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी, मैदान पर छाए युवा बल्लेबाज

14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने टूर्नामेंट के पहले ही दिन अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींच लिया। उन्होंने 89 गेंदों में 190 रन की शानदार पारी खेली, जो पूरे दिन चर्चा का केंद्र बनी रही। इस पारी के दम पर वैभव विजय हजारे ट्रॉफी और लिस्ट ए क्रिकेट में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। इतना ही नहीं, लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने के मामले में उन्होंने एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।

रोहित-विराट का जलवा, फैंस हुए खुश

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 की शुरुआत से पहले रोहित शर्मा और विराट कोहली लगातार चर्चा में रहे। पहले ही मैच में दोनों ने शतकीय पारियां खेलकर फैंस का दिल जीत लिया और सभी आलोचकों को यह साबित कर दिया कि वे वर्ल्ड कप 2027 के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

रोहित शर्मा ने सिक्किम के खिलाफ 94 गेंदों में 155 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 18 चौके और 9 छक्के शामिल थे, और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, दिल्ली की ओर से खेलते हुए विराट कोहली ने 101 गेंदों में 131 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल थे। दोनों दिग्गजों के इस शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ हो रही है। रोहित को देखने के लिए जयपुर में सड़कों पर जाम लग गया और स्टेडियम पूरी तरह भरा हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here