नई दिल्ली: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले दिन कई शानदार प्रदर्शन देखने को मिले, जिनमें ओडिशा के 25 वर्षीय बल्लेबाज स्वास्तिक समल का दोहरा शतक भी शामिल है। उन्होंने 212 रन की पारी खेलते हुए इस टूर्नामेंट के इतिहास में संयुक्त रूप से चौथा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर दर्ज किया। दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में अबुधाबी में हुए आईपीएल 2026 के ऑक्शन में स्वास्तिक अनसोल्ड रहे थे।
स्वास्तिक समल: ओडिशा का युवा बल्लेबाज
स्वास्तिक समल दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और लेग ब्रेक गेंदबाजी भी करते हैं। उनका जन्म ओडिशा के कोरापुट में 27 जुलाई 2000 को हुआ था और पूरा नाम स्वास्तिक पीयूष प्रकाश समल है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में 2018-19 में 24 फरवरी 2019 को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से एंट्री की। इसके बाद अक्टूबर 2019 में उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी के जरिए लिस्ट ए डेब्यू का मौका मिला।
स्वास्तिक ने 2022 में रणजी खेलते हुए अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। स्वास्तिक ने इस साल आईपीएल 2026 ऑक्शन से पहले अपना नाम रजिस्टर करवाया था। उनका नाम ऑक्शन में आया भी था लेकिन किसी भी टीम ने उनके ऊपर बोली नहीं लगाई थी। अब स्वास्तिक ने अपनी दावेदारी ठोकी है और अगले सीजन के लिए टीमों का ध्यान जरूर खींचा होगा।
स्वास्तिक समल के क्रिकेट रिकॉर्ड्स
स्वास्तिक समल ने सौराष्ट्र के खिलाफ 212 रन बनाकर विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का शानदार आगाज किया। इससे पहले रणजी ट्रॉफी 2025 में उन्होंने नागालैंड के खिलाफ 169 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा, इस रेड-बॉल टूर्नामेंट में उनके बल्ले से कई शानदार अर्धशतकीय पारियां भी देखने को मिलीं।
उन्होंने अभी तक अपने करियर में 21 फर्स्ट क्लास पारियों में 686 रन बनाए हैं जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। उनका उच्चतम स्कोर 169 रन है। वहीं लिस्ट ए में 11 पारियों में वह 521 रन बना चुके हैं और यह उनका पहला शतक भी था। इससे पहले तीन अर्धशतक उनके बल्ले से निकले थे। टी20 में स्वास्तिक 13 पारियों में 362 रन एक शतक और दो अर्धशतक के साथ लगा चुके हैं।
स्वास्तिक समल ने सैमसन की उपलब्धि को किया बराबर
स्वास्तिक समल का 212 रन का स्कोर विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में संयुक्त रूप से चौथा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया है। उन्होंने इस प्रदर्शन से संजू सैमसन की बराबरी की, जिन्होंने 2019 में गोवा के खिलाफ 129 गेंदों में नाबाद 212 रन की पारी खेली थी। इस पारी के साथ स्वास्तिक अब टॉप 5 सबसे बड़े स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में भी शामिल हो गए हैं।
विजय हजारे ट्रॉफी में 5 सबसे बड़े स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज
| खिलाड़ी का नाम | रन | गेंदें | विपक्षी टीम | दिनांक |
| एन जगदीशन | 277 | 141 | अरुणाचल प्रदेश | 21 नवंबर 2022 |
| पृथ्वी शॉ | 227* | 152 | पुडुचेरी | 25 फरवरी 2021 |
| ऋतुराज गायकवाड़ | 220* | 159 | उत्तर प्रदेश | 28 नवंबर 2022 |
| स्वास्तिक समल | 212 | 169 | सौराष्ट्र | 24 दिसंबर 2025 |
| संजू सैमसन | 212* | 129 | गोवा | 12 अक्टूबर 2019 |


