हरमनप्रीत कौर इतिहास रचने से एक कदम दूर, एक और जीत से लैनिंग को छोड़ देंगी पीछे

0

तिरुवनंतपुरम : भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर इतिहास रचने से केवल एक कदम दूर हैं। उनके पास महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे सफल कप्तान बनने का सुनहरा अवसर है। अब तक हरमनप्रीत ने कप्तानी में 129 मैचों में 76 जीत हासिल की हैं और वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग के साथ टी20 में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली कप्तान हैं। भारत और श्रीलंका की महिला टीमों के बीच आज पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। यदि भारतीय टीम इस मैच में जीत हासिल करती है, तो हरमनप्रीत महिला टी20 में सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाली कप्तान बन जाएंगी।

लैनिंग ने ऑस्ट्रेलिया को दिलाए चार महिला टी20 विश्व कप खिताब

फिलहाल लैनिंग ने 100 मैचों में 76 जीत दर्ज की है और वह हरमनप्रीत के साथ टी20 में संयुक्त रूप से सबसे सफल कप्तान हैं। लैनिंग ने अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को चार टी20 विश्व कप खिताब दिलाए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 2014, 2018, 2020 और 2023 में इस टूर्नामेंट का खिताब जीता है। वहीं, हरमनप्रीत के नेतृत्व में भारत का टी20 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2020 में उपविजेता रहना है। भारत को उस समय फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था।

भारत की नजरें टी20 सीरीज जीत पर टिकी

हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारत ने इस साल अपना पहला आईसीसी ट्रॉफी खिताब जीतते हुए वनडे विश्व कप पर कब्जा जमाया। अगले साल जून-जुलाई में इंग्लैंड में टी20 विश्व कप का आयोजन होगा, जहां भारत को अपनी दूसरी आईसीसी ट्रॉफी जीतने का मौका मिलेगा। वर्तमान में श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम 2-0 से आगे है। दोनों टीमों के बीच अगला मैच तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा और भारतीय टीम की नजरें सीरीज अपने नाम करने पर टिकी हैं।

श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद भारतीय टीम फरवरी में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी, जहां वह तीन मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके बाद टीम इंग्लैंड का रुख करेगी, जहां उसे तीन मैचों की सीरीज खेलनी है। ये दोनों सीरीज टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होंगी। टी20 विश्व कप में भारत ग्रुप ए में शामिल है, जिसमें पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की टीमें मौजूद हैं। भारत टूर्नामेंट की शुरुआत 14 जून को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच से करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here