नई दिल्ली : मुंबई के ओपनर अंगकृष रघुवंशी शुक्रवार को उत्तराखंड के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले में गंभीर रूप से घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फील्डिंग के दौरान कैच लपकने की कोशिश में उनके कंधे और गर्दन को चोट लगी, वहीं सिर पर भी आघात लगने से उन्हें कन्कशन हुआ। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें तुरंत स्ट्रेचर के जरिए मैदान से बाहर ले जाया गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह घटना मैच के 30वें ओवर में घटी। ऑफ स्पिनर तनुष कोटियान की गेंद पर उत्तराखंड के बल्लेबाज सौरभ रावत ने स्लॉग स्वीप खेलने की कोशिश की। डीप मिडविकेट पर फील्डिंग कर रहे अंगकृष रघुवंशी तेजी से आगे बढ़े और एक हाथ से कैच लेने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह जोर से जमीन पर गिर पड़े। गिरते समय उनके कंधे में चोट लगी और सिर भी जमीन से टकरा गया, जिससे उन्हें कन्कशन हो गया। कुछ पल तक रघुवंशी घुटनों के बल बैठे रहे, लेकिन बाद में वह मैदान पर ही लेट गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए मुंबई टीम के फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे और उन्हें स्ट्रेचर की मदद से बाहर ले जाया गया।
स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाए गए अंगकृष रघुवंशी
जब यह स्पष्ट हो गया कि अंगकृष रघुवंशी अपने पैरों पर खड़े नहीं हो पा रहे हैं, तब स्ट्रेचर मंगाया गया और उन्हें एंबुलेंस के जरिए नजदीकी एसडीएमएच अस्पताल ले जाया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल वह डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं और उनकी स्थिति का आकलन करने के लिए सभी जरूरी स्कैन किए जा रहे हैं।


