नई दिल्ली: आरसीबी के स्टार बल्लेबाज़ देवदत्त पडीक्कल विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में कर्नाटक की ओर से खेलते हुए शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत शतकीय पारी से की और दूसरे मुकाबले में भी शतक जड़कर अपनी जबरदस्त लय बरकरार रखी। देवदत्त ने पहले मैच में झारखंड के खिलाफ और दूसरे मुकाबले में केरल के खिलाफ दमदार बल्लेबाज़ी की, जिसके दम पर कर्नाटक को दोनों मैचों में जीत हासिल हुई।
दो मैचों में दो शतक जड़ चुके हैं देवदत्त पडीक्कल
देवदत्त पडीक्कल का बल्ला विजय हजारे ट्रॉफी में जमकर बोल रहा है, जिसका बेहतरीन उदाहरण उनका बैक-टू-बैक शतक है। उन्होंने इस सीजन के पहले मुकाबले में झारखंड के खिलाफ 147 रन की शानदार पारी खेली थी, जबकि केरल के खिलाफ दूसरे मैच में 124 रन की धैर्यभरी पारी खेलकर अपनी क्लास साबित की। अब तक खेले गए 2 मैचों में देवदत्त ने 135.50 की औसत से कुल 271 रन बना लिए हैं। टूर्नामेंट के दूसरे राउंड के मुकाबले पूरे होने तक वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में पहले स्थान पर बने हुए हैं।
इस पारी के साथ ही पडिक्कल ने लिस्ट-ए क्रिकेट में सिर्फ 35 मैचों में 2,342 रन पूरे कर लिए हैं, जहां उनका औसत 83 से अधिक है। खास बात यह है कि इनमें से 2,282 रन उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 94 से ज्यादा का रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत में लगातार दो शतक जड़कर पडिक्कल की शानदार फॉर्म कर्नाटक के लिए बड़ा बूस्ट साबित हो रही है, क्योंकि टीम मोमेंटम बनाते हुए खुद को इस प्रतियोगिता में शुरुआती दावेदार के रूप में स्थापित करना चाहती है।
केरल के खिलाफ कर्नाटक की शानदार जीत
केरल और कर्नाटक के बीच खेले गए मुकाबले में कर्नाटक ने 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए केरल की टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 284 रन बनाए। इसके जवाब में कर्नाटक ने देवदत्त पडीक्कल के 124 रन और करुण नायर के नाबाद 130 रन की बेहतरीन पारियों के दम पर 48.2 ओवर में 2 विकेट पर 285 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कर्नाटक के कप्तान मयंक अग्रवाल सिर्फ 1 रन ही बना सके, जबकि स्मरण रविचंद्रन 25 रन बनाकर नाबाद रहे। करुण नायर को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


