नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जनवरी–फरवरी 2026 में होने वाले पुरुष अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी आयुष म्हात्रे करेंगे, जबकि विहान मल्होत्रा को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं, विश्व कप से पहले साउथ अफ्रीका दौरे पर होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारत अंडर-19 टीम की कमान वैभव सूर्यवंशी को सौंपी गई है। BCCI की ओर से जारी मीडिया विज्ञप्ति में बताया गया है कि आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा कलाई में चोट के कारण साउथ अफ्रीका दौरे पर नहीं जा पाएंगे। दोनों खिलाड़ी चोट प्रबंधन के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रहेंगे और इसके बाद अंडर-19 विश्व कप टीम के साथ जुड़ेंगे।
अंडर-19 विश्व कप का आयोजन 15 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक जिम्बाब्वे और नामीबिया में किया जाएगा। 16 टीमों वाले इस टूर्नामेंट को चार ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप चरण के बाद सुपर-6, फिर सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल मैच हरारे में आयोजित होगा। भारत अपना पहला मुकाबला संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के खिलाफ खेलेगा। भारत को ग्रुप बी में न्यूजीलैंड, USA और बांग्लादेश के साथ रखा गया है। वहीं, भारत अंडर-19 टीम साउथ अफ्रीका दौरे पर 3 से 7 जनवरी के बीच बेनोनी में तीन वनडे मैच खेलेगी। इस दौरे के लिए वैभव सूर्यवंशी को कप्तान और ऐरन जॉर्ज को उपकप्तान बनाया गया है। गौरतलब है कि हाल ही में खेले गए अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम को फाइनल में पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था।
अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, ऐरन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडु (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आर एस अंब्रिश, कनिष्क चौहान, खिलन ए पटेल, मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल, डी दीपेश, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन
साउथ अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय टीम: वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), ऐरन जॉर्ज (उपकप्तान), वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडु (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आर एस अंब्रिश, कनिष्क चौहान, खिलन ए पटेल, मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल, डी दीपेश, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन, युवराज गोहिल, राहुल कुमार।

