तिरुवनंतपुरम: भारतीय महिला टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतिहास रचने से महज एक कदम दूर हैं। इस समय वह शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं। भारत और श्रीलंका महिला टीमों के बीच मंगलवार को तिरुवनंतपुरम में पांचवां टी20 मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में यदि दीप्ति शर्मा एक विकेट भी लेने में सफल रहती हैं, तो वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बनकर नया कीर्तिमान स्थापित कर देंगी।
दीप्ति शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में एक और शानदार उपलब्धि अपने नाम कर ली थी। वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 विकेट पूरे करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी और कुल मिलाकर दूसरी गेंदबाज बनी थीं। उनसे पहले यह उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट हासिल कर चुकी हैं। तीसरे टी20 मुकाबले में दीप्ति ने चार ओवर में मात्र 18 रन देकर तीन विकेट झटके थे। हालांकि, चौथे टी20 मैच में उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। अब पांचवें टी20 मुकाबले में दीप्ति के पास एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका है।
दीप्ति के नाम फिलहाल टी20 में 131 मैचों में 151 विकेट हैं। वह संयुक्त रूप से महिला टी20 में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट ने भी टी20 में 151 विकेट लिए हैं। अब अगर दीप्ति एक और विकेट हासिल कर लेती हैं तो वह शट से आगे निकल जाएंगी और महिला टी20 में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन जाएंगी।
भारत और श्रीलंका की महिला टीमों के बीच मंगलवार को पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। भारतीय महिला टीम पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी है और अब उसकी नजरें पांचवां टी20 जीतकर श्रीलंका का 5-0 से क्लीन स्वीप करने पर टिकी होंगी। यह मुकाबला भारतीय टीम का इस साल का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच भी होगा, ऐसे में टीम की कोशिश रहेगी कि वह साल का समापन जीत के साथ करे।

