देवांश यदुवंशी और अदम्य पचौरी के अर्धशतक, मयंक चतुर्वेदी अकादमी ने फाइनल में बनाई मजबूत स्थिति

0

एनएसटी न्यूज़, भोपाल । भोपाल संभाग क्रिकेट संघ और पब्लिक वाणी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित  ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति ग्रीन पैराडाइज कप क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को दो दिवसीय फाइनल मुकाबले की शुरुआत हुई। यह खिताबी मुकाबला मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी और एनसीसीसी अकादमी के बीच खेला जा रहा है। फाइनल मैच में मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी के कप्तान अरबाज़ उद्दीन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। कप्तान का यह फैसला सही साबित हुआ और अकादमी के बल्लेबाजों ने पहले दिन मजबूत प्रदर्शन करते हुए टीम को सशक्त स्थिति में पहुंचा दिया। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी ने 81 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 285 रन बना लिए।

टीम की ओर से अदम्य पचौरी ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए नाबाद 57 रन बनाए, जबकि देवांश यदुवंशी ने 51 रनों की सधी हुई पारी खेली। पीयूष सिंह 44 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा शिवांश चतुर्वेदी ने 38 रन, प्रियांशु प्राण ने 32 रन और ओजस्व यादव ने 30 रनों का उपयोगी योगदान देकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। एनसीसीसी अकादमी की ओर से गेंदबाजी में रिचित चौहान और अभिराज खरे ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं गौतम रघुवंशी और पवन निर्वाणी को 1-1 सफलता मिली। हालांकि गेंदबाजों के प्रयासों के बावजूद मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी के बल्लेबाजों ने पूरे दिन मैच पर नियंत्रण बनाए रखा। दो दिवसीय फाइनल मुकाबले का दूसरा दिन बुधवार को प्रातः 9 बजे से खेला जाएगा। मैच के समापन के बाद प्रतियोगिता का औपचारिक समापन समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here