एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति ग्रीन पैराडाइज कप क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी ने अपने नाम किया। दो दिवसीय फाइनल मुकाबले में अकादमी ने एनसीसीसी अकादमी को 65 रनों से पराजित किया। फाइनल मैच में मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी के कप्तान अरबाज़ उद्दीन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित खेल में 9 विकेट पर 318 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। पीयूष सिंह ने नाबाद 67 रन की अहम पारी खेली, जबकि अदम्य पचौरी ने 61, देवांश यदुवंशी ने 51, शिवांश चतुर्वेदी ने 38, प्रियांशु प्राण ने 32 और ओजस्व यादव ने 30 रन बनाए। एनसीसीसी अकादमी की ओर से आकाश, गौतम रघुवंशी, रिचित चौहान और अभिराज खरे ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए एनसीसीसी अकादमी की टीम 75.3 ओवर में 253 रन पर ऑलआउट हो गई। गौतम रघुवंशी ने 80 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि सिद्धार्थ उपाध्याय और नवीन सिंह ने 50-50 रन बनाए। मयंक चतुर्वेदी अकादमी की ओर से प्रभांशु शुक्ला ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। पीयूष सिंह ने 2 और हर्ष सेन ने 1 विकेट लिया। इस तरह मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी ने 65 रनों से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया। दोहरे प्रदर्शन के लिए पीयूष सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद समापन और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के अध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता चेयरमैन सैयद साजिद अली ने की।
पुरस्कार विजेता:
मैन ऑफ द मैच (फाइनल): पीयूष सिंह (मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी)
श्रेष्ठ बल्लेबाज़: देवांश यदुवंशी (मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी)
श्रेष्ठ गेंदबाज़: पवन निर्वाणी (एनसीसीसी अकादमी)
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: प्रारब्ध मिश्रा (बीडीसीए प्रेसिडेंट एकादश)
श्रेष्ठ अनुशासित टीम: बीडीसीए प्रेसिडेंट एकादश


