इंग्लैंड के बल्लेबाज का तूफानी प्रदर्शन, अब क्रिस गेल के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर निगाहें

0

नई दिल्ली : टी20 फॉर्मेट के धाकड़ बल्लेबाज एलेक्स हेल्स हाल ही में ILT20 टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आए, जहां वह अबू धाबी नाइट राइडर्स की टीम का हिस्सा थे। 2 जनवरी 2026 को ILT20 2025-26 का दूसरा क्वालीफायर मैच MI एमिरेट्स और अबू धाबी नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में हेल्स ने 36 गेंदों में 29 रन की धीमी पारी खेली और इसी प्रदर्शन के साथ टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए।

टी20 रिकॉर्ड में हेल्स ने पोलार्ड को पछाड़ा

एलेक्स हेल्स अब तक 528 टी-20 मैच की 523 पारियों में 14449 रन बना चुके हैं। इस लिस्ट में उन्होंने कायरन पोलार्ड को पीछे छोड़ा। उन्होंने 732 मैच की 649 पारियों में 14434 रन बनाए हैं। पोलार्ड भी इस मैच का हिस्सा थे लेकिन उनकी बल्लेबाजी नहीं आई। इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल के नाम है। लेकिन अब जब हेल्स अगले मैच में खेलने के लिए उतरेंगे तब वह क्रिस गेल के इस रिकॉर्ड को तोड़ना चाहेंगे।

एलेक्स हेल्स का ILT20 में कमजोर प्रदर्शन

हालांकि मौजूदा ILT20 टूर्नामेंट में एलेक्स हेल्स का प्रदर्शन ज्यादा खास नहीं रहा। उन्होंने 12 मैचों की 11 पारियों में 22.63 की औसत से कुल 249 रन बनाए, जिसमें केवल एक अर्धशतक शामिल है। हेल्स टी20 फॉर्मेट में टीम को अच्छी शुरुआत देने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस टूर्नामेंट में वह अबू धाबी नाइट राइडर्स के लिए एक भी शतक नहीं लगा पाए।

एमआई एमिरेट्स की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया

गौरतलब है कि दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में एमआई एमिरेट्स ने अबू धाबी नाइट राइडर्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए अबू धाबी नाइट राइडर्स ने 8 विकेट के नुकसान पर केवल 120 रन बनाए, जिसमें एलेक्स हेल्स के अलावा अलीशान शराफू ने 40 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। एमआई एमिरेट्स के लिए एएम गजनफर ने 3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद रोहिद खान और फजलहक फारूकी ने 2-2 विकेट झटके। जवाब में, एमआई एमिरेट्स ने यह लक्ष्य 16.1 ओवर में केवल 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया, जिसमें टॉम बैंटन ने 53 गेंदों में नाबाद 63 रन और शाकिब अल हसन ने 24 गेंदों में 38 रन बनाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here