नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम की नए साल में पहली परीक्षा न्यूजीलैंड के खिलाफ होने जा रही है। टीम कीवियों के खिलाफ 11 जनवरी से तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलने वाली है। टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान पहले ही किया जा चुका है, जबकि वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा 3 जनवरी (शनिवार) को की जाएगी।
वनडे सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे। गौरतलब है कि शुभमन साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में चोट के कारण शामिल नहीं हो पाए थे, तब केएल राहुल ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी। उस सीरीज को भारत ने 2-1 से अपने नाम किया था। टीम ऐलान और अपडेट्स से जुड़ी जानकारी के लिए इस पेज को लगातार रिफ्रेश करते रहें।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को इस वनडे सीरीज के लिए चुना जाएगा या नहीं। अपने आठ साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में पंत ने केवल 31 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान उनका औसत 35 से कम रहा, जो उनके टैलेंट की पूरी तस्वीर नहीं दिखाता, लेकिन यह स्पष्ट करता है कि चयनकर्ताओं ने उन्हें लगातार नजरअंदाज किया है। इस बार या तो ऋषभ को स्क्वॉड में जगह मिल सकती है या उनके स्थान पर ईशान किशन को टीम में शामिल किया जा सकता है।
वनडे सीरीज: ध्रुव जुरेल भी कर रहे जोरदार दावेदारी
ध्रुव जुरेल भी विकेटकीपर के तौर पर टीम में जगह पाने की दावेदारी पेश कर रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में ईशान किशन और जुरेल दोनों का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। किशन ने मध्यक्रम में उपयोगी पारियां खेली हैं, जबकि जुरेल ने बड़ा शतक लगाकर अपनी दावेदारी को और मजबूत किया है। हालांकि सवाल यह है कि टीम में चयन का पैमाना सिर्फ हालिया फॉर्म होना चाहिए या दबाव में खेलने की क्षमता, मैच का रुख बदलने की काबिलियत और अनुभव को भी बराबर तवज्जो मिलनी चाहिए। इन मानकों पर गौर करें तो ऋषभ पंत अभी भी बाकी विकल्पों से आगे नजर आते हैं। वहीं, श्रेयस अय्यर को शायद ही मौका मिले, क्योंकि उन्होंने अभी तक फिटनेस टेस्ट पास नहीं किया है और भारतीय चयनकर्ता मैच फिट खिलाड़ियों के साथ ही टीम का चयन करना चाहेंगे।
तेज गेंदबाजी विभाग को लेकर भी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जाएगा, लेकिन इसके बाद चयनकर्ताओं की आगे की योजना साफ नहीं दिखती। अब यह देखना होगा कि हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह को भी आराम दिया जाएगा या उन्हें वनडे टीम में आजमाने का मौका मिलेगा। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी में से किसी एक की स्क्वॉड में एंट्री संभव है। गौरतलब है कि शमी आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद से टीम से नदारद हैं, जबकि सिराज को व्हाइट-बॉल क्रिकेट में ज्यादा मौके नहीं मिल रहे हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए संभावित भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन/ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल और नीतीश कुमार रेड्डी.
भारत vs न्यूजीलैंड शेड्यूल
11 जनवरी- पहला वनडे, वडोदरा
14 जनवरी- दूसरा वनडे, राजकोट
18 जनवरी- तीसरा वनडे, इंदौर
21 जनवरी- पहला टी20, नागपुर
23 जनवरी- दूसरा टी20, रायपुर
25 जनवरी- तीसरा टी20, गुवाहाटी
28 जनवरी- चौथा टी20, विशाखापत्तनम
31 जनवरी- पांचवां टी20, तिरुवनंतपुरम


