संजू सैमसन का शतक और कप्तान रोहन की 124 रनों की पारी, इशान किशन की टीम हारी

0

नई दिल्ली : विजय हजारे ट्रॉफी के 5वें चरण के मुकाबले में केरल ने संजू सैमसन और कप्तान रोहन कुन्नुमल की शानदार शतकीय पारियों की मदद से इशान किशन की कप्तानी वाली झारखंड की टीम को हराया। संजू और रोहन की जोड़ी ने केरल को मजबूत शुरुआत दिलाई, जिसके दम पर टीम को आसानी से जीत हासिल हुई। इस मैच में झारखंड ने टॉस जीता था और फिर 50 ओवर में 7 विकेट पर 311 रन बनाए। केरल को जीत के लिए 312 रन का टारगेट मिला था और इस टीम ने 42.3 ओवर में 2 विकेट पर 313 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीत लिया। संजू और रोहन ने पहले विकेट के लिए 212 रन की साझेदारी करके टीम की जीत की राह आसान कर दी।

संजू की तूफानी पारी, 90 गेंदों में शतक पूरा

इस मैच में संजू ने केरल के लिए पारी की शुरुआत की और 90 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। इस मैच में उन्होंने 3 छक्के और 9 चौकों की मदद से 101 रन की पारी खेली। वहीं टीम के कप्तान रोहन की बल्लेबाजी भी शानदार रही और उन्होंने 78 गेंदों पर 124 रन ठोक दिए। रोहन ने अपनी इस पारी के दौरान 11 छक्के और 8 चौके लगाए। इसके बाद बाबा अपराजित ने नाबाद 41 रन तो वहीं विष्णु विनोद ने नाबाद 40 रन की पारी खेलकर मैच जीत लिया।

कुमार कुशाग्र का शतक, इशान किशन की टीम को निराशा

केरल के खिलाफ मुकाबले में झारखंड के कप्तान इशान किशन का बल्ला नहीं चला और उन्होंने 21 गेंदों पर 21 रन ही बनाए। वहीं, झारखंड के मध्यक्रम के बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने 137 गेंदों पर नाबाद 143 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें उन्होंने 7 छक्के और 8 चौके जड़े। टीम के लिए अनुकूल राय ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया और 71 रन बनाए। केरल की तरफ से निधीश सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 विकेट हासिल किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here