नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस सीरीज में श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है, वहीं कप्तान शुभमन गिल भी टीम में लौट आए हैं, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। उनकी अनुपस्थिति में केएल राहुल ने भारतीय वनडे टीम की कप्तानी संभाली थी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह तीन मैचों की वनडे सीरीज 11 जनवरी से शुरू होगी। हालांकि, श्रेयस अय्यर की उपलब्धता बीसीसीआई के सीओई से फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी।
तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ की हुई छुट्टी
साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में भारतीय वनडे टीम में तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ को जगह दी गई थी, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ इस वनडे सीरीज के लिए तिलक और ऋतुराज दोनों को टीम से बाहर कर दिया गया। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह को इस वनडे सीरीज के लिए आराम दिया गया है। यशस्वी जायसवाल टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं और उन्हें 15 सदस्यीय टीम में बैकअप ओपनर के रूप में शामिल किया गया।
नितीश रेड्डी अपनी जगह बचाने में रहे सफल
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए हार्दिक पंड्या को टीम में जगह नहीं दी गई, जबकि नितीश रेड्डी अपनी जगह बचाने में सफल रहे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हुए श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी हुई है। इसके अलावा मोहम्मद सिराज ने भी वनडे टीम में वापसी की है, वहीं रविंद्र जडेजा भी स्क्वॉड में जगह बनाने में सफल रहे। दूसरी ओर, अक्षर पटेल को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और आगामी टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए इस वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। हार्दिक पांड्या को बीसीसीआई सीओई ने एक मैच में 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए क्लीयरेंस नहीं दिया है, और आगे होने वाले आईसीसी मेन्स T20 वर्ल्ड कप को देखते हुए उनके वर्कलोड को मैनेज किया जा रहा है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल।


