T20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खेलने पर विरोध? जानें कब और कहां होंगे उसके मुकाबले

0

नई दिल्ली : भारत–बांग्लादेश संबंधों में चल रहे राजनीतिक संकट के चलते आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसका असर खेल जगत पर भी साफ नजर आने लगा है और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने शुक्रवार (2 जनवरी) को बताया था कि भारतीय टीम सितंबर के पहले सप्ताह में तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलने के लिए बांग्लादेश दौरे पर जाएगी। हालांकि, सीमा पार हालिया घटनाक्रमों के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस सीरीज को फिलहाल होल्ड पर रख दिया है और अंतिम फैसला लेने से पहले भारत सरकार की मंजूरी का इंतजार करेगा।

यह बयान शनिवार (3 जनवरी) को सामने आया, जब भारी विरोध के बाद बीसीसीआई ने इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया। फ्रेंचाइजी ने हाल ही में संपन्न आईपीएल ऑक्शन में इस खिलाड़ी को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। बीसीसीआई के निर्देशों का पालन करते हुए केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया। अपने बयान में फ्रेंचाइजी ने कहा, “कोलकाता नाइट राइडर्स पुष्टि करता है कि आईपीएल के रेगुलेटर बीसीसीआई/आईपीएल ने उसे आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन से पहले मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है।”

क्या भारत में बांग्लादेश टीम के खेलने का होगा विरोध?

दोनों देशों के बीच मौजूदा हालात को देखते हुए अब सभी की निगाहें आने वाले टी20 वर्ल्ड कप पर टिकी होंगी, जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से करने वाले हैं। बांग्लादेश के सभी मुकाबले भारत में ही खेले जाने हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या भारत में बांग्लादेश टीम के खेलने का विरोध होगा और क्या उसे यहां खेलने की अनुमति मिलेगी। हालांकि, बीसीसीआई के एक शीर्ष पदाधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में साफ किया है कि टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खेलने को लेकर किसी तरह की कोई समस्या नहीं होगी। बीसीसीआई अधिकारी ने कहा, “जहां तक टी20 वर्ल्ड कप का सवाल है, बांग्लादेश तय कार्यक्रम के अनुसार भारत में अपने सभी मैच खेलेगा।”

कोलकाता और मुंबई में खेले जाएंगे बांग्लादेश के मैच

टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और इटली के साथ ग्रुप-सी में रखा गया है। बांग्लादेश अपने पहले तीन मुकाबले कोलकाता में वेस्टइंडीज, इटली और इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगा। ग्रुप स्टेज का उसका आखिरी मैच मुंबई में नेपाल के खिलाफ होगा।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश का शेड्यूल
मैच तारीख वेन्यू समय
बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज 7 फरवरी ईडन गार्डन, कोलकाता दोपहर 3 बजे भारतीय समयानुसार
बांग्लादेश बनाम इटली 9 फरवरी ईडन गार्डन, कोलकाता भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे
बांग्लादेश बनाम इंग्लैंड 14 फरवरी ईडन गार्डन, कोलकाता दोपहर 3 बजे भारतीय समयानुसार
बांग्लादेश बनाम नेपाल 17 फरवरी वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here