नई दिल्ली : बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को खेल मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि वह अपनी टीम के टी20 वर्ल्ड कप के लीग मुकाबलों को भारत से श्रीलंका शिफ्ट कराने की कोशिश करे। बीसीसीआई के निर्देश पर मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) से बाहर किए जाने के बाद मंत्रालय ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। इसके अलावा, बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगाने की तैयारी भी की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख खान की आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया है। उन्हें पिछले महीने अबुधाबी में हुई नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। यह निर्णय बीसीसीआई के आदेश के बाद लिया गया।
बांग्लादेश सरकार का BCB को निर्देश
इस घटना के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आपात बैठक बुलाई। बोर्ड के अध्यक्ष और बांग्लादेश के पूर्व कप्तान अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने किसी भी सार्वजनिक बयान देने से इनकार कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी सलाहकार आसिफ नजरुल ने बताया कि उन्होंने बोर्ड को सलाह दी है कि जय शाह की अगुआई वाली इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से बांग्लादेश के चार लीग मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने की कोशिश की जाए। इन मैचों में से तीन कोलकाता में और एक मुंबई में खेला जाना था।
बांग्लादेश के वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में करवाए जाएं
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नजरुल ने अपने फेसबुक पेज पर बंगाली में लिखा, ” खेल मंत्रालय के प्रभारी सलाहकार के तौर पर मैंने क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को निर्देश दिया है कि वे पूरे मामले को लिखित में दें और आईसीसी को बताए। बोर्ड को यह साफ करना होगा कि अगर कोई बांग्लादेशी क्रिकेटर अनुबंध होने के बावजूद भारत में नहीं खेल सकता तो बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत जाने में सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती। मैंने बोर्ड को यह भी निर्देश दिया है कि वे औपचारिक रूप से अनुरोध करें कि बांग्लादेश के वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में करवाए जाएं।”
वेन्यू बदलना नामुमकिन
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टूर्नामेंट शुरू होने में सिर्फ एक महीना बचा है ऐसे में वेन्यू बदलना नामुमकिन है। उन्होंने कहा, “आप किसी की मर्जी और पसंद के हिसाब से मैच नहीं बदल सकते। यह लॉजिस्टिक्स के लिहाज से बहुत बड़ी दिक्कत है। विपक्षी टीमों के बारे में सोचिए। उनके हवाई टिकट और होटल बुक हो चुके हैं। साथ ही, सभी दिनों में तीन-तीन मैच हैं, जिसका मतलब है कि एक मैच श्रीलंका में है। ब्रॉडकास्ट क्रू भी है। इसलिए यह कहना आसान है करना मुश्किल होगा।”
भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव
भारत से खराब संबंधों के चलते पाकिस्तान अपने वर्ल्ड कप मैच एक समझौते के तहत श्रीलंका में खेलेगा। भारत-बांग्लादेश संबंध उस समय और तनावपूर्ण हो गए जब बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को हटाना पड़ा। शेख हसीना ने पिछले साल अगस्त में विरोध प्रदर्शन के बाद भारत में शरण ली थी। हालांकि, बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के अपने फैसले में सीधे राजनीतिक स्थिति का उल्लेख नहीं किया, लेकिन इस कदम के पीछे हालिया घटनाक्रमों को वजह बताया गया। बांग्लादेश में हसीना के हटाए जाने के बाद हिंदू समुदाय को हिंसक हमलों का सामना करना पड़ रहा है।
क्या बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण पर लगेगी रोक?
नजरुल ने यह भी कहा कि उन्होंने बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय (I&B) के सलाहकार से अनुरोध किया है कि बांग्लादेश में आईपीएल का प्रसारण बंद करवाया जाए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “मैंने सूचना और प्रसारण सलाहकार से गुजारिश की है कि बांग्लादेश में आईपीएल का प्रसारण भी बंद करवाया जाए। किसी भी हालत में हम बांग्लादेशी क्रिकेट, क्रिकेटरों या खुद बांग्लादेश का कोई अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। गुलामी के दिन अब खत्म हो गए हैं।”
बीसीबी ने बीसीसीआई से मांगा जवाब
बीसीबी के गलियारों में इस बात को लेकर थोड़ी अविश्वास की स्थिति बनी हुई है कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद हालात ने ऐसा मोड़ ले लिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, “बीसीबी ने भारत के बांग्लादेश दौरे का शेड्यूल इसलिए जारी किया क्योंकि माहौल सकारात्मक था, लेकिन अब हमें भारतीय बोर्ड से आधिकारिक पुष्टि चाहिए कि मुस्तफिजुर का अनुबंध क्यों रद्द किया गया। अभी तक बीसीसीआई ने बीसीबी को आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। आधिकारिक सूचना मिलने के बाद ही बीसीबी आगे का फैसला करेगा।”


