नई दिल्ली : इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट ने सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज के पांचवें टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक जमाया। इस अर्धशतक के साथ रूट टेस्ट क्रिकेट में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा अर्धशतक बनाने के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच गए। यह रूट का टेस्ट करियर में 67वां अर्धशतक था। मैच से पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। ऑस्ट्रेलिया की टीम सिडनी में 138 साल बाद बिना किसी स्पिनर के मैदान पर उतरी और उसने अपने प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया।
झाय रिचर्ड्सन की जगह ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर को टीम में शामिल किया गया। चोटिल नाथन लियोन के स्थान पर टीम में चुने गए टॉड मर्फी को एक बार फिर प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली। ऑस्ट्रेलिया में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) की पिच पर सामान्यतः स्पिनरों का फायदा माना जाता रहा है। हालांकि, एशेज सीरीज के पांचवें टेस्ट में हरी पिच को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ ने मर्फी को न खेलने का निर्णय लिया। इससे पहले 1888 में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने यहां बिना किसी स्पिनर के टेस्ट मैच खेला था।
इंग्लैंड ने तेज शुरुआत के बावजूद गंवाए विकेट
इंग्लैंड बेन डकेट और जैक क्रॉली ने 7 ओवर के अंदर 35 रनों की साझेदारी करके तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन दोनों ओपनर लंबी पारी नहीं खेल पाए। डकेट 24 गेंद पर 27 और क्रॉली 29 गेंद पर 16 रन बनाकर आउट हुए। जैकब बेथेल भी कुछ खास नहीं कर पाए। वह 10 रन बनाकर आउट हुए। माइकल नेसर, मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड ने विकेट झटके।
रूट-ब्रूक की शानदार बल्लेबाजी साझेदारी
इंग्लैंड ने 57 रन पर तीन विकेट खो दिए थे। इसके बाद जो रूट और हैरी ब्रूक ने चौथे विकेट के लिए 150 से अधिक रनों की शानदार साझेदारी निभाई, जिससे इंग्लैंड मजबूत स्थिति में पहुँच गया। इस दौरान रूट ने अपना 67वां टेस्ट शतक जड़ा। उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी शिवनारायण चंद्रपाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 66 अर्धशतक हैं। सचिन तेंदुलकर के टेस्ट करियर में 67 अर्धशतक हैं।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग XI
जेक वेदरल्ड, ट्रैविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, उस्मान ख्वाजा, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, ब्यू वेबस्टर, माइकल नेसर, मिचेल स्टार्क, स्कॉट बोलैंड।
इंग्लैंड की प्लेइंग XI
जैक क्रॉली, बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), विल जैक्स, ब्रायडन कार्स, मैथ्यू पॉट्स, जोश टंग।


