नई दिल्ली : भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने साउथ अफ्रीका अंडर-19 के खिलाफ सीरीज के तीसरे वनडे में शानदार 127 रनों की पारी खेली। यह साल 2026 में उनका पहला शतक था। इससे पहले 14 साल के वैभव ने साल 2025 में अपने अद्भुत प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा था। उन्होंने लिस्ट A से लेकर टी20 तक हर फॉर्मेट में अपना दबदबा दिखाया था। अब, कप्तान के रूप में उन्होंने अपनी पहली शतकीय पारी खेली है।
वैभव सूर्यवंशी लगातार अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और सुर्खियां बटोर रहे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे यूथ वनडे में उन्होंने 74 गेंदों में 127 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 10 छक्के शामिल थे। इसी के साथ वैभव ने साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर अपना पहला शतक भी बनाया। इससे पहले उन्होंने भारत समेत पांच अलग-अलग देशों में शतक जड़कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
14 साल के बल्लेबाज का तूफान: छह देशों में दिखा जलवा
वैभव सूर्यवंशी ने अब भारत के अलावा पांच अन्य देशों में शतक लगाने का मुकाम हासिल कर लिया है। हाल ही में यूएई में अंडर-19 एशिया कप में उन्होंने बेहतरीन शतकीय पारी खेलते हुए 171 रन बनाए। उससे पहले एशिया कप राइजिंग स्टार्स में कतर की सरजमीं पर उनका शतक यूएई के खिलाफ आया था। आईपीएल 2025 में धमाकेदार प्रदर्शन और कई ताबड़तोड़ पारियों के बाद उन्हें अंडर-19 भारतीय टीम में शामिल किया गया। इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड में इंग्लैंड अंडर-19 और ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ भी शतकीय पारी खेली। अब भारत, यूएई, कतर, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद साउथ अफ्रीका में भी वैभव ने शतक जड़ा है।
पिछली 10 पारियों में वैभव का तीसरा शतक
वैभव सूर्यवंशी लगातार शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले 10 पारियों में तीन शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें टी20 और लिस्ट A दोनों फॉर्मेट शामिल हैं। इन 10 पारियों में वैभव ने कुल 688 रन बनाए हैं। उन्होंने 190, 171 और 127 रनों की तीन शतकीय पारियां खेली हैं। इसके अलावा, वैभव ने भारत के घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी शतक जड़ा था।


