नई दिल्ली : सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर अपनी जिंदगी में एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं। पिछले साल अगस्त में उनकी सानिया चंडोक के साथ सगाई हुई थी। अब दोनों की शादी की तारीख का ऐलान हो गया है। खास बात यह है कि अर्जुन और सानिया की शादी होली के हफ्ते में ही आयोजित की जाएगी, जबकि शादी से दो दिन पहले ही जश्न की शुरुआत हो जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक 5 मार्च 2026 को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। दोनों की शादी से जुड़ी रस्में और सेलिब्रेशन 3 मार्च से शुरू होंगे। जबकि पूरे देश में 4 मार्च को होली का त्यौहार भी मनाया जाएगा। यानी उनकी शादी का जश्न दो गुना होने वाला है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार “शादी से जुड़ी अधिकांश रस्में मुंबई में ही आयोजित की जाएंगी। इनकी शुरुआत 3 मार्च से होगी, जिसमें केवल करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल होंगे।” समाचार पत्र ने इस संबंध में सचिन तेंदुलकर के परिवार से अधिक जानकारी के लिए संपर्क भी किया, लेकिन फिलहाल कोई जवाब प्राप्त नहीं हो सका।
अर्जुन और सानिया की सगाई की खबरें भी अचानक सामने आई थीं। 13 अगस्त को दोनों ने सगाई की थी और इसके कुछ तस्वीरें मीडिया में प्रकाशित हुई थीं। सगाई समारोह में भी केवल करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य ही मौजूद थे। इसके कुछ समय बाद एक सार्वजनिक कार्यक्रम में सचिन तेंदुलकर से सवाल पूछे जाने पर उन्होंने इस सगाई की पुष्टि की थी।
सानिया चंडोक कौन हैं?
सानिया मुंबई के जाने-माने उद्योगपति रवि घई की नातिन और गौरिका चंडोक व सनी चंडोक की पुत्री हैं। रवि घई का नाम होटल इंडस्ट्री और आइसक्रीम ब्रांड ‘ब्रुकलिन क्रीमरी’ से भी जुड़ा है। सानिया चंडोक खुद भी एक सफल उद्यमी हैं। भारत सरकार के आधिकारिक रिकॉर्ड (कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय) के अनुसार, सानिया चंडोक मुंबई स्थित मिस्टर पॉज पेट स्पा एंड स्टोर एलएलपी की नामित हिस्सेदार और डायरेक्टर हैं। सानिया अर्जुन की बहन सारा तेंदुलकर से भी अच्छा बॉन्ड शेयर करती हैं। सारा और सानिया के अक्सर इंस्टाग्राम पर कई वीडियो सामने आते हैं। हाल ही में सारा के बर्थडे सेलिब्रेशन में भी सानिया और अर्जुन दिखे थे।


