वैभव ने जिम्बाब्वे में किया धमाका; 192 की स्ट्राइक रेट से बनाए जबरदस्त रन, शतक से चूके, 7 छक्के और 9 चौके लगाए

0

नई दिल्ली : भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप 2026 के लिए जिम्बाब्वे पहुंच चुकी है, और पहुंचते ही टीम के युवा ओपनर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मैदान पर तहलका मचा दिया। भारत अपना पहला मैच 15 जनवरी को खेलेगा, लेकिन उससे पहले, यानी शनिवार को स्कॉटलैंड अंडर-19 टीम के खिलाफ वैभव ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। हालांकि, वह शतक के बेहद करीब पहुँचकर उससे चूक गए।

वैभव सूर्यवंशी ने शतक का सपना अधूरा रखा

स्कॉटलैंड अंडर-19 टीम के खिलाफ वैभव ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ पारी की शुरुआत की, और दोनों ने पहले विकेट के लिए 70 रन की शानदार साझेदारी निभाई। इसके बाद कप्तान आयुष 19 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 22 रन बनाकर आउट हो गए। आयुष के पवेलियन लौटने के बाद भी वैभव क्रीज पर टिके रहे और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन जारी रखा।

वैभव ने इस मैच में 50 गेंदों पर 96 रन की पारी खेली और उनका स्ट्राइक रेट इस दौरान 192.00 का रहा। उन्होंने अपनी पारी में 7 छक्के और 9 चौके भी जड़े और अपने शतक से सिर्फ 4 रन से चूक गए। वैभव का जो फॉर्म साउथ अफ्रीका दौरे पर 3 मैचों की वनडे सीरीज के दौरान था उसे उन्होंने जिम्बाब्वे में भी जारी रखा और वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले अपने फॉर्म और तूफानी बल्लेबाजी से विरोधी टीमों को चेतावनी भी दे दी।

इस मैच में वैभव के अलावा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए एरोन जॉर्ज ने भी शानदार पारी खेली और अर्धशतक जमाने में सफल रहे। एरोन पहले ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में एक शतक जड़ चुके थे और अच्छी फॉर्म में थे। इस मुकाबले में उन्होंने 58 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौकों की मदद से 61 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने दूसरे विकेट के लिए वैभव के साथ 78 रन और तीसरे विकेट के लिए विहान मलहोत्रा के साथ 71 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी भी निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here