कुंडू के 82 रन, भारत ने इंग्लैंड के लिए रखा 296 का लक्ष्य; वैभव फ्लॉप, आयुष-अम्ब्रीश अधूरे

0

नई दिल्ली : अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम ने अपनी तैयारियों को परखना जारी रखा है। पहले वार्म-अप मैच में स्कॉटलैंड को हराने के बाद अब इंग्लैंड अंडर-19 टीम के खिलाफ भारत को कड़ी परीक्षा का सामना करना पड़ा। वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी और विहान मल्होत्रा के फ्लॉप रहने के बावजूद भारतीय टीम 295 रन का मजबूत स्कोर खड़ा करने में सफल रही। इस पारी में विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने 82 रन की अहम पारी खेलकर टीम की पारी को संभाला।

अभिज्ञान कुंडू के अलावा इस पारी में कप्तान आयुष म्हात्रे ने 49 रन बनाए, जबकि मध्यक्रम के ऑलराउंडर आर एस अम्ब्रीश 48 रन बनाकर अर्धशतक से चूक गए। दोनों बल्लेबाज अपने-अपने पचास पूरे नहीं कर सके। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने 99 गेंदों में 82 रन की सधी हुई पारी खेलकर टीम इंडिया को कम स्कोर पर सिमटने से बचाया। 79 रन पर चार विकेट गिरने के बाद कुंडू और अम्ब्रीश ने मिलकर स्कोर को 176 तक पहुंचाया और पारी को संभाला।

आखिरी ओवरों में कनिष्क चौहान का दमदार फिनिश

पारी के अंत में कनिष्क चौहान ने 36 गेंदों पर नाबाद 45 रन की बेहतरीन पारी खेलते हुए शानदार फिनिश दिया और टीम का स्कोर 295 रन तक पहुंचाया। हरवंश पंगालिया निराश रहे और सिर्फ 19 रन ही बना सके। वहीं वैभव सूर्यवंशी 1, वेदांत त्रिवेदी 14 और विहान मल्होत्रा 10 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 295 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने 296 रन का लक्ष्य रखा।

इंग्लैंड की ओर से जेम्स मिंटो ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 34 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके अलावा सेबेस्तियन मॉर्गन को 2 विकेट मिले, जबकि मैनी लम्सडेन ने 1 सफलता हासिल की। एक समय भारतीय टीम का स्कोरबोर्ड ऐसा था कि लग रहा था टीम शायद पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाएगी। इसके बाद अभिज्ञान कुंडू, आर एस अम्ब्रीश और अंत में कनिष्क चौहान व खिलान द्वारा 9 गेंदों पर बनाए गए उपयोगी 11 रनों ने स्कोर को 300 के करीब पहुंचा दिया।

महासंग्राम की शुरुआत 15 जनवरी से

भारतीय अंडर-19 टीम विश्व कप 2026 के पहले ही दिन अपना पहला मुकाबला खेलेगी, जिसमें उसकी भिड़ंत अमेरिका से होगी। भारतीय टीम ग्रुप ए में शामिल है, जहां उसके साथ यूएसए (अमेरिका), बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की टीमें मौजूद हैं। इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार-चार टीमों के चार ग्रुप में बांटा गया है। लीग राउंड के बाद सुपर सिक्स चरण खेला जाएगा, जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तानी आयुष म्हात्रे करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here