एनएसटी न्यूज, भोपाल। व्हीलचेयर रग्बी फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूआरएफआई) के अध्यक्ष डॉ. विवेक सिंह परिहार एवं संयुक्त सचिव डॉ. अनिल कुमार अग्रहरी ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के सुपुत्र प्रबल प्रताप सिंह से सौहार्दपूर्ण भेंट की। इस अवसर पर प्रबल प्रताप सिंह को व्हीलचेयर रग्बी फेडरेशन ऑफ इंडिया का मेंटोर नियुक्त किया गया। भेंट के दौरान संगठन को नरेंद्र सिंह तोमर का स्नेहिल आशीर्वाद प्राप्त हुआ, जिससे पदाधिकारियों और खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ। नवनियुक्त मेंटोर प्रबल प्रताप सिंह ने कहा कि वे देश में व्हीलचेयर रग्बी के विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने और संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया। फेडरेशन ने विश्वास जताया कि इस नियुक्ति से भारतीय व्हीलचेयर रग्बी को नई दिशा मिलेगी और दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।


