नई दिल्ली : तेज गेंदबाज शमर जोसेफ और ओपनर एविन लुईस 19 से 22 जनवरी के बीच दुबई में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाली तीन मैचों की T20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की 16 सदस्यीय टीम में शामिल हुए हैं। इस सीरीज के साथ ही जोसेफ और लुईस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। वेस्टइंडीज के नियमित टी20 कप्तान शाई होप, रस्टन चेज, अकील होसेन और शेरफेन रदरफोर्ड एसए 20 लीग में अपनी प्रतिबद्धताओं के कारण सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं। होप की गैरमौजूदगी में ब्रैंडन किंग टीम की कप्तानी करेंगे। किंग ने 2024 की शुरुआत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में वेस्टइंडीज की कप्तानी करेंगे।
क्वेंटिन सैम्पसन शामिल, नए चेहरे की पहचान
क्वेंटिन सैम्पसन को वेस्टइंडीज की टीम में पहली बार शामिल किया गया है। 25 वर्षीय गुयाना अमेज़न वॉरियर्स के बैट्समैन सैम्पसन ने कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने नौ मैचों में 151.57 के स्ट्राइक रेट से 241 रन बनाए थे।
अल्जारी जोसेफ टीम में शामिल नहीं
पीठ के निचले हिस्से में चोट के कारण अल्जारी जोसेफ को टीम में शामिल नहीं किया गया, जिसकी वजह से वह भारत में होने वाली टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाए। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने बताया कि यह फैसला मेडिकल जांच के आधार पर सुरक्षा की दृष्टि से लिया गया है और तेज गेंदबाज टी20 वर्ल्ड कप के संभावित चयन से पहले निगरानी में रखे जाएंगे। वहीं, वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत रोवमैन पॉवेल को जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड के साथ इस सीरीज से आराम दिया गया है।
शमर जोसेफ पिछले तीन-चार महीनों से बाहर
शमर पिछले तीन-चार महीनों से मैदान से दूर हैं। 26 साल के तेज गेंदबाज को अक्टूबर में वेस्टइंडीज टीम में वापसी का मौका मिला था, लेकिन एक अनजान चोट के कारण वह भारत के टेस्ट दौरे से बाहर हो गए। ट्रेनिंग के दौरान कंधे में समस्या के कारण उनकी वापसी में देरी हुई। इसके परिणामस्वरूप, टीम का हिस्सा होने के बावजूद उन्हें ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर रखा गया। शमर ने सितंबर में सीपीएल समाप्त होने के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है और उन्होंने गुयाना अमेजन वॉरियर्स के 12 मैचों में से केवल पांच में हिस्सा लिया था।
एविन लुईस की टीम में वापसी
क्रिकेट वेस्टइंडीज के अनुसार चोट से उबरकर वापसी कर रहे लुईस ने आखिरी बार पिछले साल अगस्त में तारौबा में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया था। सीपीएल में उन्होंने सात पारियों में 127.45 के स्ट्राइक रेट से कुल 130 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने नवंबर में अबुधाबी टी10 में भी खेला, जहां उन्होंने नौ पारियों में 146.66 के स्ट्राइक रेट से 110 रन जुटाए।
वेस्टइंडीज की टीम
ब्रैंडन किंग (कप्तान), एलिक अथानाज, कीसी कार्टी, जॉनसन चार्ल्स, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, शिम्रोन हेटमायर, अमीर जांगू, शमर जोसेफ, एविन लुईस, गुडाकेश मोती, खारी पियरे, क्वेंटिन सैम्पसन, जायडन सील्स, रेमन सिमंड्स, शमर स्प्रिंगर।


