नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के ड्रेसिंग रूम और टीम के थिंक टैंक में लंबे समय से कई तरह के विवादों की खबरें आ रही हैं। सबसे पहले रोहित शर्मा और विराट कोहली का अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेना, फिर शुभमन गिल को अचानक टेस्ट की कप्तानी सौंपने के बाद टी20 में प्रमोट करना और उसके बाद वर्ल्ड कप स्क्वाड से बाहर कर देना—इन सभी मुद्दों पर खूब चर्चा हुई। अब पूर्व क्रिकेटर ने टीम के चयनकर्ताओं और कोचिंग स्टाफ के बीच मतभेद की बात भी उठाई है।
टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने टीम के सेलेक्टर्स और कोचिंग स्टाफ के बीच मतभेद को लेकर सवाल उठाए। चोपड़ा ने विशेष रूप से नितीश कुमार रेड्डी के मामले को सामने लाया और कहा कि चयनकर्ता उन्हें टीम में शामिल करते हैं, लेकिन कोच और कप्तान शायद उन्हें खेलने के योग्य नहीं मानते।
इस मुद्दे पर आकाश चोपड़ा ने कहा,”क्या सेलेक्टर्स और कोचिंग स्टाफ के बीच मतभेद हैं? क्योंकि नितीश कुमार रेड्ड के साथ जो किया जा रहा है वह मुझे समझ नहीं आ रहा है। क्योंकि उनका चयन हर बार होता है लेकिन मौके नहीं मिलते हैं। टेस्ट में आप उनसे चार-पांच ओवर डलवाते हैं लेकिन बैटिंग नहीं करवाते। व्हाइट बॉल टीम के स्क्वाड में वह होते हैं लेकिन खेलते नहीं हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “सेलेक्टर्स अपना काम कर रहे हैं और उन्हें टीम में शामिल तो कर रहे हैं, लेकिन फिर उन्हें मैदान पर खेलने का मौका नहीं मिलता। सवाल यह है कि सेलेक्टर्स क्यों मानते हैं कि उन्हें टीम में लेना जरूरी है—वे उन्हें भविष्य में हार्दिक के विकल्प के रूप में देखते हैं—लेकिन टीम मैनेजमेंट ऐसा नहीं मानता। मुझे यह समझ में नहीं आता कि अगर उन्हें बाहर ही बैठना है, तो क्यों न वह विजय हजारे ट्रॉफी में जाएं, अपनी टीम के लिए खेलें और रन बनाएं।”
नितीश कुमार रेड्डी के प्रदर्शन और आंकड़े
नितीश कुमार रेड्डी के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने अक्टूबर 2024 में टीम इंडिया के लिए टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था। तब से उन्होंने केवल चार टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने तीन विकेट लिए और 90 रन बनाए। वर्तमान टी20 स्क्वाड में वह शामिल नहीं हैं। वहीं, टेस्ट क्रिकेट में नितीश ने नवंबर 2024 में डेब्यू किया और अब तक 10 मैचों की 15 पारियों में कुल 515 गेंद (लगभग 85.5 ओवर) फेंककर 8 विकेट हासिल किए हैं।
नितीश ने टेस्ट क्रिकेट में 16 पारियों में एक शतक समेत 396 रन बनाए हैं। वनडे टीम में वह लगातार स्क्वाड का हिस्सा रहते हैं, लेकिन अक्सर प्लेइंग 11 में जगह नहीं बन पाती। उन्होंने अक्टूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया में वनडे डेब्यू किया था और तब से केवल दो मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने कुल 5.1 ओवर ही डाले। वनडे में उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला और दो पारियों में उन्होंने केवल 27 रन बनाए हैं। वह वर्तमान न्यूजीलैंड सीरीज के वनडे स्क्वाड में शामिल हैं।


