34.9 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

बड़े तालाब पर ‘खेलो एमपी’ का आगाज: मुख्यमंत्री डा. यादव ने किया मैस्काट और जर्सी का अनावरण

  • लेजर शो और आतिशबाजी के बीच हुआ प्रदेश के सबसे बड़े खेल महाकुंभ का शुभारंभ
  • ब्लाइंड महिला क्रिकेटरों और कोचों पर हुई धनवर्षा

एनएसटी न्यूज, भोपाल:   झीलों की नगरी भोपाल का बोट क्लब मंगलवार शाम अद्भुत रोशनी और उत्साह से सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने वाटर प्रोजेक्शन, शानदार लेजर शो और भव्य आतिशबाजी के बीच ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग भी मौजूद रहे। समारोह में शाटपुट खिलाड़ी समरदीप सिंह गिल जब मशाल लेकर पहुंचे, तो पूरा आयोजन स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

पहली बार खेल संघ और विभाग एक साथ

समारोह के दौरान गेम्स के मैस्काट (शुभंकर), आधिकारिक जर्सी, लोगो और ‘थीम सान्ग’ का अनावरण किया गया। इसका शुभंकर चीता की थीम पर बनाया गया है। जिसका नाम वीरू है। देश में पहली बार खेल विभाग और सभी खेल संघ मिलकर इस आयोजन को सफल बना रहे हैं। खास बात यह है कि इस महाकुंभ के माध्यम से जो टीमें तैयार होंगी, वही आगे चलकर विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

खिलाड़ियों का सम्मान और पुरस्कारों की घोषणा

शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश की ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम की तीन खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए। साथ ही टीम के दो कोचों को भी दो-दो लाख रुपए देकर सम्मानित किया गया। यह खेल महाकुंभ प्रदेश के सभी 55 जिलों, 10 संभागों और 313 ब्लाकों में आयोजित किया जा रहा है। इसमें कुल 28 खेलों को शामिल किया गया है। उद्घाटन समारोह में गायिका शेफाली अल्वारेस और दिव्या कुमार की सुरीली प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 28 से 31 जनवरी तक

मंत्री सारंग ने बताया कि राज्य स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को लगभग चार करोड़ रूपये की राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। इसमें प्रथम पुरस्कार 31 हजार रूपये, द्वितीय 21 हजार एवं तृतीय पुरस्कार 11 हजार रूपये रहेगा। चयन प्रक्रिया ब्लाक स्तर से प्रारंभ होगी। ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिताएं 13 से 16 जनवरी, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 से 20 जनवरी, संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 21 से 25 जनवरी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 28 से 31 जनवरी तक होंगी। खेलो एमपी यूथ गेम्स-2025 में कुल 28 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

  • प्रदेश के खिलाड़ियों को समग्र सुविधाएं कराएंगे उपलब्ध: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स की भव्य लॉन्चिंग ओलंपिक स्तर के आयोजन जैसी रही है। आगाज़ इतना शानदार हुआ है तो अंजाम भी उतना ही सुखद होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल, खिलाड़ी और खेल मैदानों के उन्नयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों को लाखों नहीं बल्कि करोड़ों तक की सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।  इस अवसर पर शेफाली अल्वारेस और दिव्या कुमार की संगीतमय प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन में व्यापक जनभागीदारी देखने को मिल रही है, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने स्लोगन “मध्यप्रदेश की जय – सबकी विजय” की सराहना करते हुए कहा कि दिल से किया गया कार्य ही ऐसा प्रभाव छोड़ता है। खेल संघों और खेल विभाग के संयुक्त समन्वय से देश में पहली बार इस तरह के यूथ गेम्स आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के क्षेत्र में हो रही प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश भी उसी गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिट्टू जैसे पारंपरिक खेलों को शामिल कर नवाचार किया गया है। ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए ब्लॉक, जिला, संभाग और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें लगभग डेढ़ लाख खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि प्रदेश में खेलों का निरंतर विकास हो रहा है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles