31वें आईईएस डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट: दैनिक भास्कर की लगातार दूसरी जीत, डीजीपी-11 ने वर्टेक्स रॉयल को 149 रन से हराया

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। 31वें आईईएस डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 में मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिला। शहर के बाबे अली मैदान पर दैनिक भास्कर ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए दैनिक नवदुनिया को हराया, जबकि डीजीपी-11 ने वर्टेक्स रॉयल को 149 रन से करारी शिकस्त दी। पहले मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी दैनिक नवदुनिया की टीम 15.5 ओवर में 112 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से सुरेश ने 22, कमलेश शर्मा ने 19 और प्रदीप भट्ट ने 16 रन बनाए। दैनिक भास्कर की ओर से हेमंत जोशी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए और विरोधी टीम की कमर तोड़ दी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दैनिक भास्कर की टीम ने 16.4 ओवर में आठ विकेट खोकर जरूरी रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। टीम के लिए प्रभात शुक्ला ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि निखिल शुक्ला ने 18 और कप्तान आरके यादववंशी ने 17 रन का योगदान दिया। नवदुनिया की ओर से विनय ने तीन और ललित कटारिया ने दो विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए हेमंत जोशी को ‘मानसरोवर प्लेयर ऑफ द मैच’ और प्रभात शुक्ला को ‘आरएनटीयू मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ का पुरस्कार दिया गया।

दिन के दूसरे मुकाबले में डीजीपी-11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 18 ओवर में चार विकेट खोकर विशाल 249 रन बनाए। विजय सिंह ठाकुर ने 45 गेंदों में 105 रन की तूफानी शतकीय पारी खेली। उनके अलावा गौरव सिंह भदौरिया ने 47 और प्रज्ञा बलरे ने 38 रन बनाए। वर्टेक्स रॉयल की ओर से प्रशांत कनोजिया ने दो विकेट झटके। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी वर्टेक्स रॉयल की टीम 9 विकेट खोकर महज 100 रन ही बना सकी। रंजित शाक्या ने सर्वाधिक 23 रन बनाए। डीजीपी-11 के शुभम चौहान, राहुल रावत और अंकुश ने दो-दो विकेट लेकर जीत सुनिश्चित की।

आज के मुकाबले:

राज एक्सप्रेस बनाम नेशनल स्पोर्ट टाइम्स

सुबह 9:00 बजे से, बाबे अली मैदान

फिनिक्स बनाम गिल्ट फ्री

दोपहर 12:30 बजे से, बाबे अली मैदान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here