5 साल बाद विराट कोहली ने हासिल किया वनडे नंबर-1 का ताज, रोहित शर्मा को छोड़ा पीछे

0

नई दिल्ली : भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने बुधवार (14 जनवरी) को वनडे क्रिकेट में दुनिया के शीर्ष बल्लेबाज का स्थान हासिल कर लिया। करीब पांच साल के अंतराल के बाद कोहली ने यह मुकाम अपने ही साथी रोहित शर्मा को पीछे छोड़ते हुए पाया। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे वनडे मुकाबले से ठीक पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पुरुषों की ताज़ा वनडे रैंकिंग जारी की, जिसमें कोहली के नंबर-1 बल्लेबाज बनने की पुष्टि हुई।

विराट कोहली 2 अप्रैल 2021 को वनडे बल्लेबाजी की शीर्ष रैंकिंग से बाहर हुए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में शतक से चूकने के बावजूद उन्हें 12 रेटिंग अंकों का फायदा मिला और उनके कुल अंक 785 हो गए। वहीं रोहित शर्मा को छह अंकों का नुकसान झेलना पड़ा, जिससे वह तीसरे स्थान पर खिसक गए। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर डेरिल मिचेल दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं, जो वनडे रैंकिंग में उनका अब तक का सर्वोच्च स्थान है।

विराट कोहली से वनडे नंबर-1 की कुर्सी छीन चुके थे बाबर आज़म

2017 से 50-ओवर फॉर्मेट में बैटिंग रैंकिंग में लगातार चार साल टॉप पर रहने के बाद 2021 की शुरुआत में कोहली को पाकिस्तान के बाबर आजम ने पीछे छोड़ दिया। बाबर अगले चार कैलेंडर सीजन तक टॉप पर बने रहे। इसके बाद 2025 में रोहित ने शीर्ष स्थान हासिल किया।

825 दिनों तक वनडे नंबर-1 रहे विराट कोहली

कोहली पहली बार अक्टूबर 2013 में वनडे बैटिंग रैंकिंग में टॉप पर पहुंचे थे और अब तक कुल 825 दिन नंबर 1 पर रह चुके हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज के लिए सबसे ज्यादा है। वह सर्वकालिक सूची में 10वें नंबर पर हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी विवियन रिचर्ड्स हैं, जो 2306 दिनों तक टॉप पोजीशन पर रहे थे।

वनडे रैंकिंग में केएल राहुल 11वें पायदान पर

वनडे रैंकिंग में हुए अन्य अहम बदलावों की बात करें तो केएल राहुल एक पायदान की छलांग लगाकर 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि डेवोन कॉनवे ने तीन स्थान की बढ़त के साथ 29वां स्थान हासिल किया। गेंदबाजों की सूची में मोहम्मद सिराज ने पांच स्थान ऊपर चढ़ते हुए 15वां स्थान पाया, वहीं काइल जेमिसन ने बड़ी छलांग लगाकर 69वें नंबर पर जगह बनाई। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में विराट कोहली ने 23 रन की पारी खेली, जिसके दौरान उन्होंने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here