राजकोट में रोहित शर्मा ने 11 गेंद बाद किया खाता शुरू, जानिए करियर में पहले कब हुआ था ऐसा

0

नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में बुधवार (14 जनवरी) को भारतीय टीम की शुरुआत बेहद धीमी रही। रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल की ओपनिंग जोड़ी पहली 10 गेंदों तक रन नहीं बना सकी। 11वीं गेंद पर गिल ने एक रन लेकर भारत का स्कोर आगे बढ़ाया। आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले रोहित शर्मा ने भी अपनी 11वीं गेंद पर ही खाता खोला। यह उनके करियर में दूसरी बार हुआ, जब उन्हें रन बनाने के लिए इतनी गेंदों का इंतजार करना पड़ा।

न्यूजीलैंड के कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत की पारी की शुरुआत में रोहित शर्मा ने पहले ओवर में काइल जेमिसन का सामना किया, लेकिन पूरा ओवर बिना किसी रन के निकल गया, जिसमें एक बार एलबीडब्ल्यू की जोरदार अपील भी हुई। दूसरे ओवर में शुभमन गिल ने पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर भारत का खाता खोला, जबकि रोहित उस ओवर की आखिरी गेंद पर भी रन नहीं बना सके। इसके बाद रोहित दोबारा जेमिसन के ओवर में स्ट्राइक पर आए और तीसरे ओवर की चौथी, पांचवीं और छठी गेंद पर भी स्कोर नहीं बढ़ा पाए।

छठे ओवर में रोहित शर्मा के बल्ले से निकला पहला चौका

रोहित शर्मा पांचवें ओवर की पहली गेंद पर दोबारा स्ट्राइक पर आए और काइल जेमिसन की गेंद को मिडऑन की दिशा में खेलते हुए अपनी 11वीं गेंद पर खाता खोला। इसके बाद वह छठे ओवर की पहली गेंद पर फिर बल्लेबाजी करने उतरे, जहां जकारी फाउल्कस के ओवर में उन्होंने पहली और चौथी गेंद पर चौके जड़े। इसके बाद रोहित ने काइल जेमिसन के ओवर में भी तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार दो चौके लगाकर रन गति बढ़ाई।

फ्री हिट का फायदा नहीं भुना सके रोहित शर्मा

इस पारी के दौरान रोहित शर्मा को एक फ्री हिट भी मिली, लेकिन वह इसका पूरा फायदा नहीं उठा सके। 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर क्रिस्टयन क्लार्क ने नो-बॉल फेंकी, जिस पर रोहित ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे विकेटकीपर के दस्तानों में चली गई। इसके बाद 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर क्लार्क ने ही उन्हें आउट कर पवेलियन भेजा। रोहित ने 38 गेंदों में चार चौकों की मदद से 24 रन बनाए और शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी निभाई। इस बीच वनडे रैंकिंग में रोहित शर्मा को दो स्थान का नुकसान हुआ, जबकि विराट कोहली शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here