एनएसटी न्यूज, भोपाल। ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण एवं जिला खेल और युवा कल्याण कार्यालय ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय कुश्ती महाकुंभ का आयोजन 19 जनवरी से मेला परिसर, ग्वालियर में किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजित की जा रही है, जिसमें जिला, संभाग और राज्य स्तरीय पहलवान भाग लेंगे। प्रतियोगिता का कार्यक्रम तीन चरणों में आयोजित होगा। 19 और 20 जनवरी को जिला स्तरीय पुरुष कुश्तियां, 21 और 22 जनवरी को संभाग स्तरीय पुरुष वर्ग की कुश्तियां तथा 23 से 25 जनवरी तक राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी। सभी मुकाबले प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक कराए जाएंगे।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले पहलवानों को ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही सभी प्रतिभागी पहलवानों के लिए यात्रा भत्ता, आवास और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा की जाएगी। जिला स्तरीय पुरुष वर्ग में 40-45, 51, 57, 61, 65, 70, 74, 79, 84 एवं 84 से अधिक किलोग्राम भार वर्ग शामिल होंगे। ग्वालियर-चंबल संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में 45-51, 57, 61, 65, 70, 74, 79, 84 एवं 84 से अधिक किलोग्राम भार वर्ग रखे गए हैं। वहीं राज्य स्तरीय पुरुष वर्ग में भी यही भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं।
राज्य स्तरीय महिला वर्ग में 35-40, 50, 60 एवं 60 से 70 किलोग्राम तक के भार वर्गों में मुकाबले होंगे। सभी पहलवानों का वजन मेला परिसर स्थित कुश्ती एरीना में सुबह 9 बजे से किया जाएगा। जिला स्तर के लिए वजन 19 जनवरी, संभाग स्तर के लिए 21 जनवरी तथा राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए वजन 23 जनवरी को होगा।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन युवा पहलवानों को मंच देने और पारंपरिक खेल कुश्ती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से नामी पहलवानों के पहुंचने की उम्मीद है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी कुंवर राज कटारे (9826968411), कर्मवीर सिंह (9926455491) एवं सुरेंद्र यादव (8889890103) से संपर्क कर सकते हैं।


