एनएसटी न्यूज, भोपाल: एलएनसीटी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित एआईयू वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के चौथे दिन बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) भोपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमजीजीयू बीकानेर को 1-0 से पराजित कर रोमांचक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ बीयू भोपाल ने प्रतियोगिता में अपना विजयी अभियान कायम रखा है। राजधानी के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेली जा रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मुकाबले बेहद रोचक हो रहे हैं। बीयू और एमजीजीयू के बीच खेले गए मुकाबले में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन बीयू भोपाल ने निर्णायक क्षण में गोल कर बढ़त बना ली, जिसे अंत तक कायम रखते हुए जीत अपने नाम की।
गुरुवार को खेले गए अन्य मुकाबलों में शिवाजी यूनिवर्सिटी कोल्हापुर ने एसजीजीयू गुजरात को 6-1 से हराया। यूनिवर्सिटी ऑफ मुंबई ने आरडीवी जबलपुर को 3-0 से पराजित किया, जबकि विक्रम यूनिवर्सिटी उज्जैन ने पारुल यूनिवर्सिटी को 5-2 से शिकस्त दी। इसी तरह एसजीजीयू विजोल ने एमपीकेवी राहुरी को 5-1 से, डीएवीवी इंदौर ने वीएमयू को 2-0 से, सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी ने संत गाडगे बाबा यूनिवर्सिटी को 4-1 से तथा वीएनएसजीयू ने एमडीएसयू अजमेर को 1-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। मैच से पहले एलएनसीटी विश्वविद्यालय के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. धर्मेंद्र गुप्ता, एआईयू ऑब्जर्वर डॉ. उपेंद्र सिंह तोमर, टूर्नामेंट डायरेक्टर लोकेंद्र शर्मा और स्पोर्ट्स डायरेक्टर पंकज कुमार जैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।


