हरलीन देओल का जोरदार पलटवार, 164 के स्ट्राइक रेट से बरसे रन; यूपी वॉरियर्स ने दर्ज की जीत

0

नई दिल्ली : हरलीन देओल ने विमेंस प्रीमियर लीग 2026 में गुरुवार, 15 जनवरी को मुंबई इंडियंस (MIw) के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेलते हुए उन्होंने 164.10 के स्ट्राइक रेट से 39 गेंदों में 12 चौकों की मदद से नाबाद 64 रन बनाए और यूपी वॉरियर्स (UPW) को सीजन की पहली जीत दिलाई। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही यूपी वॉरियर्स ने उन्हें दिल्ली कैपिटल्स (DCw) के खिलाफ मैच में रिटायर आउट कराया था।

यूपी वॉरियर्स के कोच अभिषेक नायर ने 17वें ओवर की आखिरी गेंद के बाद हाथ उठाकर हरलीन को पवेलियन लौटने का संकेत दिया, जिससे दाएं हाथ की यह बल्लेबाज चौंक गईं। उन्होंने इशारे से पूछा, “मैं?” दरअसल, यूपी वॉरियर्स के रणनीतिकारों ने पारी के अंतिम तीन ओवरों में तेजी से रन बटोरने के लिए हरलीन को रिटायर आउट कराने का फैसला लिया था।

यूपी वॉरियर्स की रणनीति हुई नाकाम

यूपी वॉरियर्स की यह रणनीति कारगर साबित नहीं हुई। अंतिम 18 गेंदों में टीम सिर्फ 13 रन ही जोड़ सकी। हरलीन देओल 36 गेंदों में 47 रन बनाकर रिटायर आउट हुईं। यह डब्ल्यूपीएल में उनका तीसरा सबसे बड़ा स्कोर था, जबकि तीनों सीजन को मिलाकर यह उनकी सातवीं सबसे तेज पारी रही। धीमी पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था और ऐसे में हरलीन को रिटायर आउट करने का फैसला कई लोगों को चौंका गया। इस फैसले पर हरमनप्रीत कौर ने भी हैरानी जताते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी।

हरलीन देओल ने लगातार तीन चौकों के साथ पारी का आगाज़ किया

24 घंटे बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ हरलीन देओल ने अपनी पारी की शुरुआत चौके से की। वह बैकफुट पर गईं और नैट साइवर-ब्रंट को बैकवर्ड पॉइंट से चौका जड़ा। इसके बाद वह एमेलिया केर के ओवर में स्ट्राइक पर आईं। उनको पॉइंट के पास से एक और चौका जड़ा। फिर लेग स्पिनर के खिलाफ कट लगाकर शॉर्ट थर्ड के पास से तीसरा चौका जड़ा। उन्होंने 3 गेंदों पर 3 चौके जड़ दिए। तीन गेंद बाद निकोला कैरी के खिलाफ बैकवर्ड पॉइंट और शॉर्ट थर्ड के बीच से चौका जड़ा।

हरलीन देओल बनीं अर्धशतक लगाने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी

मुंबई इंडियंस की गेंदबाजों ने हरलीन देओल को कई वाइड गेंदें फेंकीं, जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया। वह हर गेंद पर आक्रामक शॉट खेलने के लिए तैयार दिखीं और इसी अंदाज में 39 गेंदों में नाबाद 64 रन की पारी खेली। इसके साथ ही वह डब्ल्यूपीएल 2026 में अर्धशतक लगाने वाली दूसरी भारतीय बल्लेबाज बन गईं। जहां अन्य बल्लेबाज तेज रन बनाने में जूझती नजर आईं, वहीं हरलीन की इस दमदार पारी ने यूपी वॉरियर्स को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 162 रनों का लक्ष्य 11 गेंद शेष रहते हासिल करने में मदद की और टीम ने इस सीजन की पहली जीत दर्ज की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here