5वीं राष्ट्रीय गोलबॉल चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश महिला टीम बनी चैंपियन

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। पटना के पाटलिपुत्र स्थित इंडोर स्टेडियम में 11 से 13 जनवरी तक आयोजित 5वीं राष्ट्रीय गोलबॉल चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में देशभर से कुल 11 टीमों ने हिस्सा लिया। महिला वर्ग में मध्य प्रदेश की टीम ने ग्रुप ‘बी’ से प्रतियोगिता की शुरुआत की। ग्रुप मुकाबलों में टीम ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए पश्चिम बंगाल को 13–2 और हरियाणा को 8–2 से करारी शिकस्त दी। इन जीतों के साथ टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश महिला टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंदी को 13–4 के बड़े अंतर से पराजित किया। इसके बाद फाइनल मुकाबले में टीम ने महाराष्ट्र को 12–3 से हराकर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

मध्य प्रदेश महिला टीम की कप्तानी दीपिका पटेल ने की। टीम में ज्योति रघुवंशी, खुशी प्रजापति, सलोनी प्रजापति, चायना जाटव और मेघा कुशवाहा शामिल रहीं। टीम के कोच संदीप मंडल और मैनेजर शिवानी साहू रहीं। महिला टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर मध्य प्रदेश ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप देशमुख, महासचिव मोहम्मद शाहिद, टेक्निकल डायरेक्टर कपील यादव, मायरा सरिया के डायरेक्टर संदीप जैन, सर्वधर्म संग के प्रेसिडेंट मंजूर बेग तथा अनुभूति संस्था की सेक्रेट्री चंचल सालरिया ने टीम को बधाई दी। ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के कोऑर्डिनेटर फरदीन खान ने बताया कि यह दूसरा अवसर है जब मध्य प्रदेश महिला गोलबॉल टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर खिताब जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here